भारत ने रविवार रात नौंवी बार एशिया कप क्रिकेट का फाइनल जीत कर अपने बुलंद इरादों की झलक दिखा दी। 41 साल के एशिया कप के इतिहास में पहली बार फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं। इसमें भारत ने पाकिस्तान को जोरदार पटखनी दी। पांच विकेट को पड़ोसी देश को हरा दिया। जीत का चौका लगते ही इंदौर के राजवाड़ा पर पहले से मौजूद जश्न में झूम उठे। इसके साथ ही सैकड़ों युवा हाथों में तिरंगा लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों से देर रात तक यहां पहुंचते रहे और भारतीय टीम की जीत का जमकर जश्न मनाया। कई लोग गरबा बीच में छोड़कर राजवाड़ा पहुंचे और यहीं हाथों में डांडिया लेकर गरबा करने लगे। हालांकि, पुलिस ने राजवाड़ा पर ज्यादा देर जश्न नहीं मनाने दिया और युवाओं को वहां से रवाना कर दिया।
आधी रात के बाद राजवाड़ा पर मना जश्न
- फोटो : amar ujala
एशिया कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने जैसे ही जी दर्ज कराई। क्रिकेट प्रेमी तिरंगे झंडे लेकर राजवाड़ा की तरफ पहुंचने लगे रात सवा 12 बजे तक राजवाड़ा पर हर तरफ से लोगों का सैलाब उमड़ रहा था। जीत गया इंडिया, भारत माता की जय, देख ले बेटा पाकिस्तान बाप है तेरा हिंदुस्तान के नारे से राजवाड़ा गूंज उठा। कोई तिरंगा लहरा रहा था तो कोई भगवा ध्वज। आतिशबाजी का दौर भी देर तक चला। जश्न में परिवार की महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।
कनकेश्वरी गरबा कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने लहराया तिरंगा
- फोटो : amar ujala
सीएम ने भी लहराया तिरंगा
सीएम डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर में ही थे। उन्होंने परदेशीपुरा में कनकेश्वरी गरबा कार्यक्रम में तिरंगा लहराकर जीत का जश्न मनाया। कार्यक्रम में संत कनकेश्वरी देवी, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत अनेक भाजपा नेता व विधायक मौजूद थे।पटाखों और ढोल की थाप से गूंजा राजवाड़ा जीत के जश्न में छोड़े गए पटाखों और बज रहे ढोलों की थाप से राजवाड़ा चौक गूंज उठा। अनेक युवक और युवतियों ने थिरकते हुए खुशी मनाई। बड़ी संख्या में युवा गरबा खत्म होने के बाद राजवाड़ा पहुंचते रहे। राजवाड़े के आसपास के सारे रास्तों पर उत्साही युवाओं की भीड़ नजर आ रही थी। कोई पटाखे चला रहा था तो कोई पूरे जोश के साथ नारे लगाते हुए तिरंगा लहरा रहा था।
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था
लोग परिवार सहित कारों व अन्य वाहनों में राजवाड़ा की तरफ आ रहे थे। कई क्रिकेट प्रेमी टीम इंडिया की जर्सी पहन कर आए थे। कोई विवाद न हो इसलिए पुलिस बल भी बड़ी संख्या में तैनात रहा।
पुलिस ने जश्न मना रहे लोगों को खदेड़ दिया, सूना हो गया राजवाड़ा
- फोटो : amar ujala
पुलिस ने पौने एक बजे ही राजवाड़ा खाली कराया
रात करीब पौने एक बजे ही पुलिसकर्मियों ने युवाओं को राजवाड़ा से रवाना कर दिया। पुलिसकर्मियों ने वहां जश्न मना रहे युवाओं को लौटने को कहा। इसके बाद राजवाड़ा कुछ देर में सूना गया। लोगों का कहना था कि क्या जीत का जश्न मनाना अपराध है, जो पुलिस ने जबर्दस्ती हमें यहां से हटा दिया।