अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल ने फरवरी महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ का एलान कर दिया है। भारत की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए यह सम्मान मिला है।
अरुंधति रेड्डी का ऑस्ट्रेलिया में कमाल
अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए भारत को 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने तीन मैचों में 4/22, 2/30 और 2/35 के आंकड़े दर्ज किए और सीरीज की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। उनका औसत 10.87 और इकॉनमी 7.25 रहा, जो उनकी शानदार फॉर्म को दर्शाता है।
रेड्डी ने कहा, 'आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। ऑस्ट्रेलिया को उनके घर में हराना आसान नहीं होता, इसलिए यह अवॉर्ड और भी खास बन जाता है।' उन्होंने आगे कहा, 'इस जीत से हमारी टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और हम इंग्लैंड-वेल्स में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह तैयार हैं।'
फरहान ने तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड
दूसरी ओर साहिबजादा फरहान ने पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया। उन्होंने एक ही संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ते हुए विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा वह टूर्नामेंट के एक सीजन में दो शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बने। फरहान ने सात टी20 मैचों में 383 रन बनाए, उनका औसत 76.60 और स्ट्राइक रेट 160.25 रहा। उनकी पारियां टूर्नामेंट में सबसे प्रभावशाली रहीं।
शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया और टीम की सफलता में बड़ा योगदान दिया। जहां रेड्डी ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया, वहीं फरहान ने बल्लेबाजी में नए रिकॉर्ड कायम किए। यही वजह रही कि आईसीसी ने उन्हें फरवरी का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना।