कोलकाता के आनंदपुर के नजीराबाद इलाके में सोमवार तड़के करीब तीन बजे एक वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक कम से कम आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और खोज अभियान लगातार जारी है।
मंगलवार सुबह राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि जांच की जाएगी और फॉरेंसिक टीम मौजूद है। मंत्री बोस ने फायर ऑडिट पर भी सवाल उठाते हुए जानकारी साझा की कि यहां फायर-फाइटिंग उपकरण मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा, 'हम इस घटना की जांच करेंगे। फॉरेंसिक टीम पहुंच चुकी है और काम कर रही है। हम समय-समय पर फायर ऑडिट करते हैं। हम जांचेंगे कि यहां फायर ऑडिट हुआ था या नहीं। हालांकि, यहां कोई फायर-फाइटिंग डिवाइस नहीं था।'
इसी बीच भाजपा विधायक और पूर्व भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मुआवजे पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरा। डिंडा ने कहा, 'इसका कोई मुआवजा नहीं है... दो लाख या तीन लाख रुपये में क्या होगा?... मैं सभी परिवारों के साथ हूं... सीएम ममता बनर्जी को सभी प्रभावित परिवारों को नौकरी देनी चाहिए...।'
प्रशासन की ओर से भी खोज अभियान जारी है। ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) सिंजिनी सेनगुप्ता ने बताया, 'सर्च ऑपरेशन जारी है। अब तक तीन शव बरामद किए गए हैं...।' हादसे की गंभीरता को देखते हुए लोगों में भी सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने अधिकारियों से बेहतर फायर सेफ्टी व्यवस्था की मांग की है। फिलहाल आग के कारणों की जांच चल रही है।