फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अफगान क्रिकेट बोर्ड का प्रोमो वीडियो: पाकिस्तान को क्यों लगी मिर्ची? गिलगित-बाल्टिस्तान भारत के नक्शे में दिखे

Tue, 08 Sep 2026 10:05 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, काबुल

सार

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के भारत के खिलाफ आगामी सीरीज के प्रमोशनल वीडियो में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत के नक्शे में दिखाए जाने से विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस मुद्दे पर विदेश कार्यालय के सामने चिंता जताई है। यह घटनाक्रम काबुल और इस्लामाबाद के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है।
विज्ञापन
नकवी, नक्शा और अफगानिस्तान टीम - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के भारत के खिलाफ आगामी सीरीज को लेकर जारी किए गए एक प्रमोशनल वीडियो ने पाकिस्तान में नाराजगी पैदा कर दी है। वीडियो में पीओके (PoK) और गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत के नक्शे में दिखाया गया है। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस मामले को पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के सामने उठाया है।

विज्ञापन

भारत-अफगानिस्तान सीरीज के प्रोमो से उठा विवाद
एसीबी ने रविवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की सीरीज का प्रमोशनल वीडियो साझा किया था। इसी वीडियो में इस्तेमाल किए गए नक्शे को लेकर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी ने नक्शे में किए गए इस चित्रण को लेकर पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के समक्ष चिंता जाहिर की है। हालांकि, पीसीबी की ओर से विदेश कार्यालय के सामने किस तरह की आपत्ति दर्ज कराई गई, इसकी सटीक जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले को पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने पर विचार कर सकता है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में किसी औपचारिक कदम की घोषणा नहीं की गई है।

काबुल और इस्लामाबाद के बीच पहले से तनाव
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच संबंधों में पहले से ही तनाव बना हुआ है। दोनों देश सीमा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर विवाद में हैं। हाल के समय में दोनों पक्षों के बीच सीमा पर झड़पें और हवाई हमले भी हुए हैं। पाकिस्तान लगातार अफगान तालिबान पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को शरण देने का आरोप लगाता रहा है। पाकिस्तान का आरोप है कि टीटीपी देश के भीतर होने वाले घातक हमलों के लिए जिम्मेदार है। इस पृष्ठभूमि में भारत के खिलाफ सीरीज के प्रमोशन में नक्शे का इस्तेमाल दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच एक और विवाद का कारण बन गया है।
 

विज्ञापन

एसीबी ने भारत सीरीज को बताया खास
विवाद के बीच एसीबी ने भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज को लेकर अपने प्रमोशनल पोस्ट में दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को खास बताया। बोर्ड ने लिखा, 'एक ऐसी सीरीज जो एक बार फिर दो देशों को एक साथ लाएगी।' एसीबी ने भारत और अफगानिस्तान को क्रिकेट के अलावा गहरी जड़ें रखने वाले इतिहास और संस्कृति से जुड़ा बताया। बोर्ड ने कहा कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट को लेकर साझा जुनून है। एसीबी ने अपने पोस्ट में लिखा, 'ये सिर्फ मैचों से कहीं ज्यादा हैं। ये जुनून, उत्साह और महत्व के मुकाबले हैं, जहां अफगानअटलान मैदान पर उतरेगा और अपने देश में लाखों लोगों की उम्मीदों और गर्व को साथ लेकर चलेगा।'

दिल्ली में होंगे तीन मुकाबले
भारत और अफगानिस्तान के बीच आगामी सीरीज में तीन मैच खेले जाएंगे। तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। सीरीज का पहला मैच 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा 17 सितंबर को खेला जाएगा। सीरीज शुरू होने से कुछ दिन पहले सामने आए इस नक्शे के विवाद ने भारत-अफगानिस्तान क्रिकेट सीरीज को पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक विवाद के केंद्र में ला दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें