अभिषेक ने कौन सा रिकॉर्ड बनाया?
तीसरे टी20 में अभिषेक ने 30 गेंद में छह चौके और पांच छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2000 रन भी पूरे कर लिए। वह गेंद के हिसाब से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने सूर्यकुमार यादव और एरॉन फिंच को पीछे छोड़ा। अभिषेक ने 2000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रनों के लिए 1024 गेंदें खेलीं। वहीं, सूर्या ने 2000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन 1164 गेंदों में पूरे किए थे। फिंच ने इसके लिए 1283 गेंदें खेलीं थीं। अभिषेक 2000 रन पूरे करने वाले भारत के छठे बल्लेबाज बने। उनसे पहले ऐसा रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और केएल राहुल कर चुके हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज 2000 रन (गेंद के हिसाब से)
- अभिषेक शर्मा: 1024 गेंद
- सूर्यकुमार यादव: 1164 गेंद
- एरॉन फिंच: 1283 गेंद
अर्शदीप ने कौन सा रिकॉर्ड बनाया?
वहीं, अर्शदीप ने भी खास रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने इस मैच में चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट झटके। उनकी बदौलत भारत ने 224 रन के लक्ष्य को डिफेंड किया। वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। इसी के साथ वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में लक्ष्य का बचाव करते हुए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं। अर्शदीप ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में लक्ष्य का बचाव करते हुए 84 विकेट लिए हैं। अर्शदीप ने न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी का रिकॉर्ड तोड़ा। साउदी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में लक्ष्य का बचाव करते हुए 82 विकेट लिए थे। वहीं, इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर जसप्रीत बुमराह हैं। बुमराह ने 72 विकेट लिए हैं। वहीं, चौथे स्थान पर बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान हैं, जिन्होंने 69 विकेट लिए हैं।
लक्ष्य का बचाव करते हुए T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पेसर
- अर्शदीप सिंह: 84 विकेट
- टिम साउदी: 82 विकेट
- जसप्रीत बुमराह: 72 विकेट
- मुस्तफिजुर रहमान: 69 विकेट