एबी डिविलियर्स
- फोटो : IPL
'हर खिलाड़ी को पता था कि कुछ गैरकानूनी होने वाला है'
डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस विवाद पर बात की। उन्होंने कहा कि बहस इस बात पर नहीं होनी चाहिए कि सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी किसे थी, बल्कि असली सवाल यह है कि क्या पूरी टीम ने नियम तोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने कहा, 'हर किसी को पता था कि वे नियमों की सीमा पार करने जा रहे हैं और कुछ गैरकानूनी करने वाले हैं। यही वह बात है, जिसे लोग नजरअंदाज कर रहे हैं।'
डिविलियर्स ने आगे कहा, 'हम उस चीज को लेकर इतने चिंतित क्यों हैं, जिसका इस्तेमाल किया गया था? असल बात यह है कि मैदान पर कुछ गैरकानूनी करने का फैसला पहले से लिया गया था।' जब उनसे पूछा गया कि क्या ऑस्ट्रेलिया के सभी खिलाड़ियों को इस योजना की जानकारी थी, तो उन्होंने स्पष्ट कहा, 'टीम के हर एक व्यक्ति को इसके बारे में पता था। मुझे इस बात पर शून्य प्रतिशत संदेह है।'
गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट
- फोटो : Twitter
डरबन टेस्ट में भी हुई थी गेंद से छेड़छाड़: डिविलियर्स
डिविलियर्स ने दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ केवल केपटाउन और पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में नहीं हुई थी। उनके मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट यानी डरबन में भी ऐसा हुआ था। उन्होंने लोगों से उस मैच के फुटेज देखने की अपील की। उन्होंने कहा, 'मैं देख रहा हूं कि अब हर कोई मान रहा है कि पोर्ट एलिजाबेथ में भी ऐसा हुआ था। मैं आपको बता सकता हूं कि डरबन में भी स्थिति अलग नहीं थी। मैच के फुटेज देखिए। मेरे मन में इस बात को लेकर बिल्कुल संदेह नहीं है।' हालांकि, डिविलियर्स ने स्पष्ट किया कि वह किसी व्यक्ति विशेष को निशाना नहीं बनाना चाहते और न ही यह तय करना चाहते हैं कि कौन सही है और कौन गलत।
वॉर्नर-ख्वाजा और ख्वाजा की किताब सब्र
- फोटो : IANS
ख्वाजा की किताब से फिर चर्चा में आया विवाद
2018 का यह विवाद उस समय फिर सुर्खियों में आ गया, जब ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' (Sabr) में इस मामले को लेकर नए खुलासे किए। ख्वाजा ने आरोप लगाया कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी खिलाड़ियों को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी। डिविलियर्स ने ख्वाजा के किताब लिखने के फैसले पर आपत्ति नहीं जताई, लेकिन इसके समय पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'उस्मान, उनकी किताब जारी करने में कुछ गलत नहीं है। हालांकि, इसके समय को लेकर थोड़ा अजीब लगता है, क्योंकि अब 2026 चल रहा है।' डिविलियर्स ने यह भी कहा कि इस विवाद से जुड़े लोगों के लिए मामला काफी व्यक्तिगत हो गया है और उन्हें उन लोगों के प्रति सहानुभूति है। हालांकि, मैदान पर जो कुछ हुआ, उसके लिए उनकी कोई सहानुभूति नहीं है।
गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट
- फोटो : Twitter
बैनक्रॉफ्ट ने भी किए थे कई खुलासे, कमिंस ने ख्वाजा के दावे नकारे
ख्वाजा के खुलासों के बाद इस विवाद में कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी नया मोड़ ला दिया। बैनक्रॉफ्ट वही खिलाड़ी थे, जिन्हें 2018 के केपटाउन टेस्ट में टीवी कैमरों ने सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलने की कोशिश करते हुए पकड़ा था। उन्होंने द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में करीब 4000 शब्दों का लेख लिखकर ऑस्ट्रेलियाई टीम के गेंदबाजी समूह के इस दावे को चुनौती दी कि उन्हें इस योजना की जानकारी नहीं थी।
बैनक्रॉफ्ट ने पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट के दूसरे दिन चाय के समय हुई बातचीत का जिक्र किया। उनके मुताबिक, उस बातचीत में गेंदबाजी कोच डेविड सेकर और मुख्य कोच डैरेन लेहमैन भी मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि डेविड वॉर्नर ने गेंद के एक हिस्से को खुरदरा बनाने के लिए सैंडपेपर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ख्वाजा के दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें 'पूरी तरह बकवास' बताया था।
बैनक्रॉफ्ट-ख्वाजा-वॉर्नर
- फोटो : ANI/cricket.com.au
क्या था सैंडपेपर विवाद?
मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरों में पकड़ा गया था। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाया था। इस घटना ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को बड़ा नुकसान पहुंचाया था।