फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

शांति का इंतजार: पहली बार अमेरिका, चीन और रूस के प्रमुख एक साथ बैठे; लेकिन नतीजा क्या निकला?

अंशुमान तिवारी
Updated Sun, 29 Nov 2026 04:47 AM IST

सार

याद रखिए, जब भी इतिहास में बादशाह शांति के लिए एक मेज पर बैठे हैं, उस मेज के नीचे हमेशा कुछ और चल रहा होता है। भाषाएं उदार होती हैं। फोटो ऐतिहासिक होते हैं। मगर इतिहास ने बार-बार दिखाया है—शांति मेज पर नहीं बनती। शांति तब बनती है, जब बादशाह अपनी कुर्सी से उठकर वह करें, जो उन्होंने कहा। इतिहास में पहली बार अमेरिका, चीन और रूस के प्रमुख एक साथ बैठे। लेकिन नतीजा क्या निकला? यूक्रेन में बमबारी जारी है। ईरान पर हमले और कुवैत पर ईरान की बमबारी नहीं रुकी। ताइवान जलडमरूमध्य में जहाजी बेड़े तैनात हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
शांति का इंतजार - फोटो : IANS


आइए, टाइम मशीन में सीट पकड़िए, बेल्ट बांधिए। हम करीब सौ साल पीछे जा रहे हैं। सितंबर, 1814। वियना, ऑस्ट्रिया। नेपोलियन हार चुका है। एल्बा द्वीप पर कैद है। और यूरोप के बादशाह वियना में जमा हैं—ऑस्ट्रिया का सम्राट फ्रांज, रूस का जार एलेक्जेंडर, प्रशिया का राजा फ्रेडरिक विलियम, ब्रिटेन का लॉर्ड कैसलरे। मेजबान— प्रिंस मेटरनिख। ऑस्ट्रिया का चांसलर। यह इस वक्त यूरोप का सबसे चालाक सम्राट है। स्क्रीन पर देखिए—वियना के महल। हर रात नृत्य। हर दोपहर भोज। संगीत। ओपेरा। वियना कांग्रेस को ‘नाचती कांग्रेस’ कहा गया। प्रिंस डी लिग्ने ने लिखा, ‘कांग्रेस नाचती है, मगर आगे नहीं बढ़ती।’ इस नाच के पीछे नक्शा बदल रहा था। पोलैंड बंटा—रूस को सबसे बड़ा हिस्सा। सैक्सनी बंटी—प्रशिया ने आधा निगल लिया। इटली के टुकड़े ऑस्ट्रिया ने समेट लिए। फ्रांस की सीमाएं 1792 वाली स्थिति में धकेल दी गईं। यहां सबसे बड़ा सौदा था-शक्ति संतुलन। कोई एक ताकत इतनी बड़ी न हो कि वह अन्य ताकतों को डरा सके। नतीजा? सौ साल तक यूरोप में कोई बड़ा युद्ध नहीं हुआ। एक सदी की शांति—मगर कीमत? जनता का कोई प्रतिनिधि मेज पर नहीं था। लोकतंत्र कुचल दिया गया। विद्रोह कुचले गए। 1848 में पूरा यूरोप धधक उठा, क्योंकि वियना की 'शांति' ने आवाज दबा दी थी, खत्म नहीं की थी। बादशाहों ने शांति बनाई थी लोगों से पूछे बिना।


टाइम मशीन अब उड़ चली है दूसरे विश्वयुद्ध के मोर्चे पर। चार फरवरी, 1945। याल्टा, क्रीमिया। यहां हम उस मेज से मुखातिब हैं, जिसने बीसवीं सदी का नक्शा खींचा। लिवादिया महल। जार निकोलस (दूसरे) का पुराना ग्रीष्मकालीन निवास। बाहर काला सागर। अंदर तीन कुर्सियां— फ्रैंकलिन रूजवेल्ट, विंस्टन चर्चिल, जोसेफ स्तालिन। दूसरा विश्वयुद्ध अभी खत्म नहीं हुआ, मगर हिटलर हारने वाला है। और ये तीन आदमी तय कर रहे हैं कि युद्ध के बाद दुनिया कैसी दिखेगी? आठ दिन की बैठक। रूजवेल्ट बीमार हैं—व्हीलचेयर पर, चेहरा पीला, दो महीने बाद फानी दुनिया से गुजर जाएंगे। मगर स्तालिन चुस्त हैं—उनकी जमीन पर बैठक है, इसलिए शर्तें भी उनकी हैं। चर्चिल बीच में हैं—ब्रिटेन के साम्राज्य बचाने की कोशिश में, मगर ब्रिटेन थक चुका है। यहां क्या तय हुआ? जर्मनी चार हिस्सों में बंटेगा। पोलैंड फिर बंटेगा। स्तालिन ने ‘स्वतंत्र चुनाव’ का वादा किया, मगर एक भी चुनाव नहीं हुआ। तय हुआ है कि संयुक्त राष्ट्र संघ बनेगा, मगर वीटो पावर सिर्फ पांच को मिलेगी। यूरोप के बीच एक अदृश्य रेखा खिंची, जो पूर्व व पश्चिम के बीच चालीस साल तक लौह पर्दा बनी रही। चर्चिल ने ठीक ही लिखा, ‘हमने शांति नहीं बनाई, अगला युद्ध स्थगित किया।’


रूजवेल्ट ने सोचा स्तालिन पर भरोसा किया जा सकता है। गलत। स्तालिन ने सोचा, पश्चिम कमजोर है, वह सही साबित हुए। तीन कुर्सियां। तीन आदमी। और एक शांति—जिसका नतीजा चालीस साल चलने वाली एक दीवार, बर्लिन में।

अब टाइम मशीन उड़ चली है धुर उत्तर की ओर। 11 अक्तूबर 1986। रेक्याविक, आइसलैंड। यहां इतिहास का सबसे बड़ा ‘लगभग’  लिखा जाएगा। होफ्दी हाउस—रेक्याविक के तट पर सफेद लकड़ी का एक मकान। बाहर बर्फीली हवा। अंदर दो आदमी—रोनाल्ड रीगन और मिखाइल गोर्बाचोव। कोई बड़ा प्रतिनिधिमंडल नहीं। बस दो राष्ट्रपति, आमने-सामने। गोर्बाचोव ने प्रस्ताव रखा—दस साल में सारे परमाणु हथियार खत्म। रीगन ने कहा—हां। सलाहकार हिल गए। सीआईए हिली। पेंटागन हिला। दुनिया के दो सबसे बड़े दुश्मन सहमत हो गए—सारे परमाणु बम नष्ट। फिर एक शब्द आया और सब टूट गया। शब्द था एसडीआई यानी स्ट्रैटेजिक डिफेंस इनिशिएटिव। स्टार वॉर्ज। अंतरिक्ष में मिसाइल रक्षा कवच।गोर्बाचोव ने कहा—एसडीआई बंद करो। रीगन ने कहा—नहीं। बस खत्म। परमाणु हथियारों के पूर्ण विनाश वाले समझौते पर बस दस्तख्तत होने वाले थे। उंगलियां कलम उठा चुकी थीं, मगर एक ‘नहीं’ ने सब उड़ा दिया। रीगन होफ्दी हाउस से निकले—चेहरा सख्त, होंठ भिंचे। गोर्बाचोव ने कहा—मैंने सब कुछ दिया, उन्होंने कुछ नहीं लिया। इतिहासकार कहते हैं—रेक्याविक असफल नहीं था। उसी ने मझली और छोटी दूरी की मिसाइलें खत्म करने की संधि यानी आईएनएफ की जमीन तैयार की। संधि 1987 में हुई।


मगर सोचिए, अगर उस दोपहर रीगन ने ‘हां’ कह दिया होता, तो दुनिया में एक भी परमाणु बम नहीं होता। आज कोई किसी को धमकी नहीं दे पाता। एक शब्द ‘नहीं’ ने इतिहास का सबसे बड़ा ‘लगभग’ बनाया। 5 सितंबर, 1978। कैंप डेविड। मेरीलैंड। राष्ट्रपति कार्टर ने दो दुश्मनों को एक जगह बंद कर दिया। अनवर सादात—मिस्र के राष्ट्रपति। मेनाकेम बेगिन—इस्राइल के प्रधानमंत्री। एक ने 1973 में इस्राइल पर हमला किया था। दूसरे ने इर्गुन में अंग्रेजों के खिलाफ बम लगाए थे। दोनों के हाथ खून में रंगे थे। और कार्टर चाहते थे—शांति। तेरह दिन कैंप डेविड से कोई बाहर नहीं गया। कार्टर दोनों के बीच डोलते रहे। सादात ने कहा—सिनाई वापस चाहिए। बेगिन ने कहा—यरूशलम पर बात नहीं होगी। सादात ने बैग पैक किया—जा रहा हूं। कार्टर ने रोका। कार्टर सादात के पास गए, साथ में तस्वीरें—सादात के पोते-पोतियों की, जिन पर सादात ने खुद दस्तखत किए थे। कार्टर ने कहा—अगर आप अभी चले गए, तो इन बच्चों को क्या विरासत मिलेगी? सादात रुक गए। 17 सितंबर, 1978—कैंप डेविड समझौता। मिस्त्र ने इस्राइल को मान्यता दी। इस्राइल ने सिनाई लौटाया। नोबेल शांति पुरस्कार मिला सादात और बेगिन, दोनों को। तीन साल बाद—6 अक्तूबर, 1981—अनवर सादात की हत्या। सैन्य परेड में। अपने ही सेना के अफसरों ने गोलियां चलाईं। शांति बनाने की सजा मिली मौत। और अब सिंगापुर। 12 जून, 2018। सेंटोसा द्वीप। यह इतिहास का सबसे बड़ा हैंडशेक था। कैपेला होटल—फूलों से सजा, कैमरों से भरा है। डोनाल्ड ट्रंप—पहले कार्यरत अमेरिकी राष्ट्रपति, जो उत्तर कोरिया के नेता से मिल रहे हैं। सामने—किम जोंग उन। तीसेक साल का तानाशाह, जिसने अपने चाचा को गोली मरवाई, भाई को वीएक्स नर्व एजेंट से मरवाया, और दुनिया को परमाणु बम से धमकाया। हाथ मिला। बारह सेकंड। ट्रंप ने बाद में कहा—‘वी फेल इन लव। उसने मुझे खूबसूरत खत लिखे।’


एक संयुक्त बयान—कोरियाई प्रायद्वीप का पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण। दुनिया ने सांस ली। फिर? एक भी बम नहीं हटा। एक भी मिसाइल नहीं गई। 2019 में हनोई में दूसरी बैठक—ट्रंप उठकर चले गए। परमाणु निरस्त्रीकरण नहीं हुआ। किम ने और परीक्षण किए और वे ‘खूबसूरत खत’ संग्रहालय में हैं। बारह सेकंड का हाथ मिलाना। बारह महीने का भ्रम...और बस।
विज्ञापन


टाइम मशीन वापस लौट रही है। 19 नवंबर, 2026। शेनझेन। गोल मेज। तीन परमाणु शक्तियां। मगर मेज के नीचे? यूक्रेन में बमबारी जारी है। ईरान पर हमले और कुवैत पर ईरान की बमबारी नहीं रुकी। ताइवान जलडमरूमध्य में जहाजी बेड़े तैनात हैं। हर बड़ी मेज पर दस्तावेज सुंदर होते हैं। भाषाएं उदार होती हैं। फोटो ऐतिहासिक होते हैं। मगर इतिहास ने बार-बार दिखाया है—शांति मेज पर नहीं बनती। शांति तब बनती है, जब बादशाह अपनी कुर्सी से उठकर वह करें, जो उन्होंने कहा। शेनझेन की गोल मेज पर तालियां बजी थीं। तालियां तो वियना में भी बजी थीं। फिर मिलते हैं अगले सफर पर...

 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next