अपनी गलती को सहजता से स्वीकार कर उस पर हल्का मजाक करना बेहतर (सांकेतिक)
- फोटो : freepik
हाल ही में, एक दिन काम पर जाने के लिए मेरी ट्रेन छूटने वाली थी। जल्दबाजी में मैं घर से निकल तो गई, लेकिन बालों में रंग लगाना भूल गई। जब मैं ऑफिस पहुंची, तो मेरे कनपटी के पास के बाल बिल्कुल सफेद दिख रहे थे। सहकर्मियों से बचने के बजाय, मुझे इस साल की शुरुआत में पढ़ा एक शोध याद आया। इसमें बताया गया था कि जब कोई व्यक्ति सबके सामने कोई छोटी-मोटी गलती कर देता है और फिर अपनी ही गलती पर हंस देता है, तो लोग उसे ज्यादा मिलनसार और सच्चा मानते हैं। इसलिए, ऑफिस पहुंचते ही मैंने खुद इस बात का जिक्र कर दिया कि मुझे अपने सफेद बालों के गुच्छों के बारे में पता है और मैं ‘द सोप्रानोस’ सीरीज के किरदार पॉली वॉलनट्स जैसी दिख रही हूं।
कॉर्नेल यूनिवर्सिटी में मैनेजमेंट और ऑर्गनाइजेशन की असिस्टेंट प्रोफेसर ओवुल सेजर पेक कहती हैं कि जब आप खुद पर हंसते हैं, तो इससे पता चलता है कि आप खुद को स्वीकार करते हैं। आप दूसरों को यह संकेत देते हैं कि आप अपनी कमियों और अपूर्णताओं के साथ सहज हैं। इससे लोग आपसे अधिक जुड़ाव महसूस करते हैं। मैंने डॉ. सेजर पेक और अन्य विशेषज्ञों से पूछा कि अगर अनजाने में कोई गलती हो जाए, तो उसे तुरंत कैसे संभाला जाए, और ऐसी परिस्थितियों में हंसना किस तरह मदद करता है।
किसी मीटिंग के दौरान कोई शब्द भूल जाना, मजाक पर किसी का न हंसना या लंच के दौरान पानी का गिलास गिर जाना जैसी घटनाएं किसी के साथ भी हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में जरूरत से ज्यादा शर्मिंदा होना दूसरों को भी असहज कर सकता है। इसके बजाय अपनी गलती को सहजता से स्वीकार कर उस पर हल्का मजाक करना बेहतर है। डॉ. सेजर पेक के अनुसार, अपनी गलती पर सबसे पहले खुद हंस देना पूरे माहौल को बदल सकता है। इससे यह भी जाहिर होता है कि आप अपनी भावनाओं को संभालने और परिस्थिति को समझने में सक्षम हैं।
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर कैरेन डॉबकिन्स भी मानती हैं कि गलती के बाद हल्का मजाक करने से दूसरों को भरोसा मिलता है कि उन्हें परेशान होने या आपके लिए बुरा महसूस करने की जरूरत नहीं है। वहीं, गलती को अनदेखा करने का दिखावा स्थिति को और अजीब बना सकता है।