फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

इसमें कहीं कोई चमत्कार नहीं: लेखकों के साथ बराबरी का रिश्ता, तकनीक-आधारित पारदर्शिता और पाठक से सीधा संवाद बने

शैलेश भारतवासी, प्रकाशक, हिंदी युग्म Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 05 Oct 2025 05:18 AM IST

सार

पेशेवर संरचना, लेखकों के साथ बराबरी का रिश्ता, तकनीक-आधारित पारदर्शिता और पाठक से सीधा संवाद बने, तो हिंदी लेखक भी उसी तरह आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं, जैसे अंग्रेजी या दुनिया की तमाम बड़ी भाषाओं के लेखक होते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
हिंदी लेखक भी उसी तरह आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं... - फोटो : अमर उजाला प्रिंट / एजेंसी / इंस्टाग्राम


हिंदी प्रकाशन की दुनिया में प्रायः लेखकों को न तो समय पर सही बिक्री आंकड़े मिलते हैं और न ही रॉयल्टी का नियमित भुगतान। इस पृष्ठभूमि में यह परिघटना संदेश देती है कि अगर पारदर्शिता हो और पाठक से सीधा रिश्ता बने, तो हिंदी लेखक भी उसी तरह आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं, जैसे अंग्रेजी या दुनिया की तमाम बड़ी भाषाओं के लेखक होते हैं।


विनोद कुमार शुक्ल हिंदी के सबसे सम्मानित कथाकारों और कवियों में गिने जाते हैं। लेकिन उनकी किताबों की बिक्री को लेकर हमेशा यह माना जाता रहा कि यह सीमित है। अचानक ऐसा क्या हुआ कि उनकी रॉयल्टी लाखों में जा पहुंची।


लेकिन याद रहे...इसी प्रकाशन से मानव कौल, दिव्य प्रकाश दुबे और नीलोत्पल मृणाल को वर्षों से 20-20 लाख रुपये रॉयल्टी की राशि प्रतिवर्ष मिली है। इस बढ़ती बिक्री के पीछे 20–40 वर्ष की आयु का नया पाठक वर्ग है। गांव-देहात से लेकर महानगरों तक फैला यह वर्ग सोशल मीडिया, ऑनलाइन बुकस्टोर और साहित्यिक आयोजनों से जुड़ा है। यह वही वर्ग है, जिसने पिछले दशक में ‘नई वाली हिंदी’ के लेखकों को व्यापक पाठक दिया। और अब वही पाठक और पढ़ने की चाह में विनोद कुमार शुक्ल जैसे वरिष्ठ लेखकों की किताबें पढ़ना शुरू कर चुका है। ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ तो नए पाठकों के बीच लगभग ‘कल्ट नॉवेल’ का दर्जा पा चुकी है।


हिंदी किताबों की लोकप्रियता में यह संक्रमण बेहद महत्वपूर्ण है। हिंदी समाज के पास करोड़ों संभावित पाठक हैं, लेकिन पिछले कई दशकों से हिंदी के लिए काम कर रही संस्थाओं द्वारा उन्हें कभी हिंदी किताबों का स्थायी पाठक बनाने की दिशा में प्रयास नहीं किए गए। नई वाली हिंदी के लेखकों की कहानियां, भाषा और जीवन-अनुभव नए पाठकों को आकर्षित करते रहे। इसी से एक बड़ा पाठक समुदाय खड़ा हुआ। यह साबित करता है कि साहित्यिक मूल्य और लोकप्रियता एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। अगर सही ढंग से प्रस्तुति और वितरण हो, तो गहरी संवेदना वाले लेखक भी लाखों पाठकों तक पहुंच सकते हैं। हिंदी प्रकाशक भी पारदर्शिता और पेशेवर ईमानदारी से काम करें, तो परिदृश्य बदल सकता है। 


हम तो इस पर काम कर रहे हैं कि आने वाले समय में तकनीक की मदद से प्रत्येक लेखक को उसकी किताबों की बिक्री का रियल-टाइम डाटा उपलब्ध कराया जाए। एक विशेष पोर्टल पर लेखक अपनी हर किताब की तारीखवार, माध्यमवार और खरीदारवार बिक्री देख सकेगा। 30 लाख की रॉयल्टी महज एक आंकड़ा नहीं है। यह हिंदी के भविष्य का संकेत है। यह बताता है कि अगर किताब पाठकों की संवेदना को छूती है, तो उसका आर्थिक मूल्य भी समाज में स्वीकार्य है। हिंदी लेखन अब ‘भुखमरी’ का पर्याय नहीं रह गया। सही रणनीति, ईमानदारी और नए पाठक तक पहुंच बनाने की क्षमता हिंदी साहित्य को वैश्विक मंच पर खड़ा कर सकती है। पेशेवर संरचना, लेखकों के साथ बराबरी का रिश्ता और तकनीक-आधारित पारदर्शिता ही इसे आगे ले जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next