कहते हैं प्रोड्यूसर सतराम रोहरा ने पंडित आर. प्रियदर्शी की लाई एक व्रत कथा पर यह फिल्म बनाने का फैसला किया था। टाइम्स ऑफ इंडिया ने 31 मई 2023 को विज्ञापन की दुनिया की शख्सियत निरंजन मेहता के हवाले से लिखा था कि कलकत्ता के किन्हीं अग्रवाल साहब की पत्नी को संतान नहीं हो रही थी। सोलह शुक्रवार के व्रत करने के बाद उन्हें यह खुशी हासिल हुई तो उन्होंने फिल्म को फंड कर दिया। कवि प्रदीप बड़ी मुश्किल से गीत लिखने को तैयार हुए। पिक्चर बनी तो कोई डिस्ट्रीब्यूटर खरीदने को तैयार न था। आखिर निरंजन मेहता के दोस्त के.सी. भट्ट ने इसे डिस्ट्रीब्यूट किया। फिल्म शुरू में ठंडी रही लेकिन जल्दी ही सी. अर्जुन का संगीत फिजां में घुलने लगा, एक मुंह से बात दूसरे तक पहुंची, और देखते ही देखते ‘यहां-वहां जहां-तहां मत पूछो कहां-कहां है संतोषी मां...’ छा गई। फिल्म ने 2.5 मिलियन लगाकर 50 मिलियन का बिजनेस किया। यह ऐतिहासिक सफलता थी जिसने संतोषी मां को उत्तर भारत के धार्मिक जीवन का हिस्सा बना दिया। लागत और लाभ का उसका अनुपात ‘शोले’ से ऊपर चला गया।
इसी फिनॉमिना को हमने 2026 की अगस्त में देखा। फिल्म थी-‘हनुमान अंश’! उसने एक्शन फिल्म ‘धुरंधर-2’ के मुकाबले 15000 प्रतिशत लागत-लाभ का रिकॉर्ड कायम कर दिया। इस फिल्म को भी शुरू में कोई उठाने को तैयार नहीं था। इसके भी कलाकार नए थे और सिर्फ दो करोड़ के आसपास के बजट से बनी थी लेकिन देखते ही देखते इसने तीन सौ करोड़ को छू लिया।
हमारे दोस्त और लाइफ पॉजिटिव के फाउंडर एडिटर रहे, फिलहाल अमेरिका में ‘ए लोटस इन द मड’ के फाउंडर प्रवीण चोपड़ा ने सूचना दी है कि यह फिल्म अमेरिका के 170 थिएटरों में चल रही थी। बाबा नीम करौली (1900-1973) न विदेश गए, न उन्होंने प्रवचन दिए, न उनके धार्मिक चमत्कारों की कोई सभा ही लगती थी लेकिन उनकी लोकप्रियता आस्था की दुनिया का एक चमत्कार ही है। फिरोजाबाद जिले के अकबरपुर में जन्मे लक्ष्मीनारायण शर्मा का ‘नीब करौरी बाबा’ में अंतरण और फिर ‘नीम करौली बाबा’ के नाम से प्रचलित हो जाना एक खामोश नदी की तरह ही था। सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो, भूखों को भोजन कराओ-बस यही उनका केंद्रीय भाव कहा जाता था। लेकिन रामदास उर्फ डॉ. रिचर्ड अल्प्रेट ने पश्चिम को ‘मिरेकल्स ऑफ लव’ लिखकर बाबा से परिचित कराया तो अलग ही दुनिया खुल गई। स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, जूलिया रॉबर्ट्स, डॉ. लैरी ब्रिलियन्ट-कितनी ही गवाहियां हैं, जो निजी आध्यात्मिक मार्गदर्शन का दस्तावेज बनाती हैं। इनसे अनुप्राणित ‘हनुमान अंश’ बेहद सादगी सेे भीतर की यात्रा का बिंब बन जाती है।
फिल्म का वक्त ‘धुरंधर’ का समय है, दर्शकों को ओटीटी से सिनेमाघरों की ओर लौटाने के लिए जिस शाहकार की जरूरत से व्यावसायिक सिनेमा पगलाया हुआ है उसके बीच ‘हनुमान अंश’ एक अलग झटके के साथ आती है। बनाने वाले अनजान चेहरों वाले जेन-जी हैं और आलोचक आस्था के व्यापार पर हमेशा की तरह तीर ताने खड़े हैं। ट्रेन में दस-ग्यारह की उम्र में तंबूरा बजाकर भजन सुनाने वाले नेत्रहीन सुनील लोधी के इंस्टाग्राम पोस्ट से निर्देशक अविनाश चतुर्वेदी, वहां तक पहुंचते हैं और ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ सुपरहिट हो जाता है। ग्रैमी नामांकित कृष्णदास (जेफ्री कैगल) जो मशहूर अमेरिकी ‘कीर्तन सम्राट’ ही हैं-के दो गीतों के साथ साधु तिवारी के गाए ‘जब जिद पे आ गई पार्वती’ युवाओं के बीच भी चल जाते हैं, ठीक उस वक्त जबकि जेन-जी के बीच भजन क्लबिंग उफान पर है। मुख्य किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्य जो दरअसल प्रोजेक्ट के असिस्टेंट डायरेक्टर थे लेकिन तय अभिनेता के बीमार पड़ जाने से संयोगवश हीरो हो गए-एक अनूठी छवि के साथ स्थापित हो जाते हैं। जैसा कि आमतौर पर होता है-सात्विक भोजन, सात्विक जीवन, मर्यादित शूटिंग के माहौल की उपकथाएं मीडिया का नियमित हिस्सा बन जाती हैं।
उधर कुछ ही महीनों बाद नवंबर 2026 में नमित मल्होत्रा-नितेश तिवारी की सितारों से भरी हाई टेक ‘रामायण’ का दावा आता है कि उसने ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और फिल्म डेढ़ हजार करोड़ का बिजनेस पार करने जा रही है। यह और बात है कि उसके दोनों हिस्सों की लागत ही चार हजार करोड़ बताई गई है। वीएफएक्स की भव्यता से आक्रांत करता रावण (यश) यहां वैचारिक क्रांति के साथ उपस्थित है। उसे असुर जाति के अपमान का बदला लेने के लिए लंका वापस लेना है, जिसे विष्णु की मदद से देवताओं ने कब्जे में लेकर कुबेर के हवाले कर दिया है। विदूषकनुमा कुबेर के भाग जाने और लंका जीतने के बाद इस रावण का जनता के नाम समाजवादी संदेश है-आज से तुम स्वाभिमान का जीवन जियोगे। जो मैं खाऊंगा, वो तुम खाओगे। जो मैं पहनूंगा, तुम पहनोगे। जहां तक राम का प्रश्न है, वे गुलिवर ट्रेवल्स के पात्रों की तरह विराट राक्षसों के सम्मुख बौने और भागते दिखाई पड़ते हैं गोकि आस्था-कथा के लाभ की मजबूरियां हैं इसलिए उन्हें दिव्यशक्तियां भी दी हुई हैं। डिज्नी कॉमिक्स के विचित्र जानवर और फ्रेम हैं लेकिन शबरी, निषाद राज और केवट वगैरह उनकी दुनिया में कहीं नहीं हैं। शिवधनुष वे राजसभा में तोड़ रहे हैं लेकिन वीएफएक्स की मजबूरी के चलते परशुराम संवाद महल से बाहर रास्ते में करना पड़ता है। जब लक्ष्मण शूर्पणखा के छल को पकड़ कर उसकी नाक काटते हैं तो सीता एक नारीवादी लताड़ लगाती है कि किसी स्त्री के साथ कैसा व्यवहार होना चाहिए। फिल्म, सुविधा के मुताबिक कहीं धार्मिक, चमत्कारिक और कहीं मर्जी के मुताबिक प्रगतिशील विमर्श खड़ा करने की मुद्रा अपना लेती है। पुष्पक विमान विराट उड़नतश्तरी है जिसमें सीता, रावण से संवाद के बाद कैसे चढ़ीं, यह मत पूछिए क्योंकि ‘कट’ करके वीएफएक्स से जटायु युद्ध डालना है। डिस्ट्रीब्यूशन, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वैचारिक धुंध का फायदा उठाने की बेमिसाल कोशिश में देशभर में सारे स्क्रीन एकसाथ उठा लिए गए, किसी फिल्म के प्रदर्शित होने की जगह नहीं छोड़ी गई, फिर सदगुरु से लेकर विकट विचारकों तक ऐसा तूफान उठा कि राम-कथा के मर्म का सवाल ही तमाशों की टोकरी में जा गिरा। फिल्म की एक निर्माता कंपनी का नाम ही है-मॉन्स्टर माइंड(शैतानी दिमाग)-जो जाहिर है नए जमाने के नामकरण-ट्रेंड का ही बाईप्रोडक्ट है। एक समय था जब धार्मिक फिल्मों के पात्र दर्शकों के बीच सार्वजनिक जीवन में ‘स्वरूप’ की ही तरह लिए जाते थे और वे अगर सिगरेट भी पीते नजर आते तो जनता धक् से रह जाती थी। अब दर्शक वहां पहुंच गया है जहां मर्दवादी हिंसा के सफल शाहकार ‘एनिमल’ का हीरो (रणबीर कपूर) कुछ ही महीनों में मर्यादा पुरुषोत्तम का कैरेक्टर निभा सकता है। अगर ‘हनुमान अंश’ जेन-जी की नव-आस्था से भरी है तो ‘वीएफएक्स रामायण’ बाबूभाई मिस्त्री की ट्रिक फोटोग्राफी से ऊपर जरूर है लेकिन प्राण गायब हैं। एक आत्मसंदेह के साथ यह नए विमर्श और आस्था के चमत्कार का बाजार एकसाथ लूटने की भव्य तकनीकी बेचैनी है जिसका आरम्भ वाल्मीकि की दुहाई देता है लेकिन अंतिम क्रेडिट रोल तुलसी की हनुमान चालीसा से जय श्रीराम करता खत्म होता है।
तो, इमर्जेन्सी के साल में ‘शोले’, ‘शोले’ के बीच ‘जय संतोषी मां’ और ‘धुरंधर’ के बीच जेन-जी के ‘हनुमान अंश’ और नई ‘रामायण’ से हम क्या नतीजा ले सकते हैं, गोकि इन घटनाओं के बीच पूरी आधी सदी का फासला है। यही कि पॉपुलर कल्चर अस्थिरता में स्थिरता, आधुनिकता में परंपरा, विज्ञान में मिथ और अधैर्य में धैर्य के तत्वों का अनूठा कीमिया पेश करता है। उसमें एक समान धारा है जो सतत बहती है, बस उसे संबोधित करने का तरीका और समय बदल जाता है। देसी सिनेमा हमारे इसी द्वैध की चमकती हुई मिसाल है।