उल्लेखनीय है कि मई, 2023 में गोवा में आयोजित एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के शामिल होने के बाद यह किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा होगी। हालांकि, पाकिस्तानी मंत्री की यात्रा को भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार की शुरुआत मानना जल्दबाजी होगी, फिर भी पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच बने तनावपूर्ण माहौल में इस भागीदारी के कूटनीतिक निहितार्थों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
यह भी महत्वपूर्ण है कि पाकिस्तान ने इस सम्मेलन के लिए अपने संस्कृति मंत्री के बजाय जलवायु परिवर्तन मंत्री को नामित किया है। मुसादिक मलिक अतीत में सिंधु जल संधि को स्थगित रखने के भारत के फैसले की आलोचना करते रहे हैं। ऐसे में, उनकी उपस्थिति के दौरान दोनों देशों के बीच जल संसाधनों और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों पर अनौपचारिक चर्चा की संभावनाओं से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। भारत और पाकिस्तान, दोनों जलवायु परिवर्तन, बाढ़, सूखा, हिमालयी पारिस्थितिकी और जल संसाधनों के संकट जैसी साझा चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, जिनका समाधान राजनीतिक सीमाओं से परे क्षेत्रीय सहयोग की मांग करता है। हालांकि, सम्मेलन में किसी द्विपक्षीय वार्ता की घोषणा अब तक नहीं हुई है।
भारत को अपनी कूटनीतिक प्राथमिकताओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के प्रति पूरी तरह सजग रहते हुए इस अवसर का उपयोग करना चाहिए। पाकिस्तान को भी समझना होगा कि क्षेत्रीय सहयोग की सार्थकता तभी है, जब वह आतंकवाद को प्रश्रय देने की नीति से बाज आए। यह भी उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान अगले वर्ष अगस्त में एससीओ शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है। ऐसे में, संगठन के भीतर दोनों देशों के बीच तालमेल में आने वाला कोई भी सुधार क्षेत्रीय सहयोग के लिहाज से अहम साबित हो सकता है।
इसमें संदेह नहीं कि आतंकवाद पर इस्लामाबाद के रवैये के चलते भारत व पाकिस्तान के बीच स्थायी शांति की राह फिलहाल आसान नहीं है। ऐसे में, नई दिल्ली में होने वाला यह सम्मेलन द्विपक्षीय संबंधों में तत्काल किसी बदलाव की उम्मीद नहीं जगाता, पर साझा इतिहास, भूगोल और चुनौतियों के आधार पर संवाद की सीमित संभावना जरूर पैदा करता है। अब देखना यह होगा कि पाकिस्तान इस अवसर को केवल औपचारिक भागीदारी तक सीमित रखता है या क्षेत्रीय सद्भाव और सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यवहार में भी प्रदर्शित करता है।