फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

इस हिंसा के लिए जिम्मेदार कौन?: बांग्लादेश में राजनीतिक प्रतिशोध चरम पर, पैदा हुआ अराजकता और अव्यवस्था का खतरा

सुबीर भौमिक
Updated Mon, 23 Nov 2026 05:43 AM IST

सार

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बने अभी नौ महीने भी पूरे नहीं हुए हैं, और तारिक रहमान अवामी लीग की हालिया बंद के प्रति जनता की व्यापक प्रतिक्रिया से असहज नजर आ रहे हैं। राजनीतिक प्रतिशोध और हिंसा का यह सिलसिला देश में लंबे समय तक अव्यवस्था की स्थिति पैदा कर सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत पर आरोपों के बीच बढ़ी राजनीतिक अस्थिरता - फोटो : अमर उजाला प्रिंट


इस हमले में कई स्थानीय ग्रामीण घायल हो गए। गौरतलब है कि मंगलवार (शेख हसीना को न्यायालय द्वारा सुनाई गई मौत की सजा की बरसी पर) रात से ही बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में हुई आगजनी, तोड़फोड़ और कॉकटेल बम विस्फोटों में बसों, पुलिस स्टेशनों, बीएनपी कार्यकर्ताओं के घरों, पार्टी कार्यालयों और ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर हमले हुए। बुधवार को गोपालगंज में व्यापक हिंसा देखने को मिली, जहां राजमार्गों पर गाड़ियों में आगजनी की गई और पेड़ काट कर आवागमन को बाधित करने की कोशिश की गई। उसी दिन विरोध प्रदर्शन से लौटते समय हुए हमले में बीएनपी के दो नेताओं की हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि हमलावर प्रतिबंधित अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता थे। ये प्रदर्शन और हिंसा भारत से शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हुए। तोड़फोड़ और अशांति फैलाने के आरोप में अवामी लीग के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। अवामी लीग ने 19 नवंबर, को देशव्यापी बंद (लॉकडाउन) का फैसला किया था, क्योंकि सरकार की ओर से हसीना की उस अपील को खारिज कर दिया गया, जिसमें उन्होंने दिसंबर में देश लौटने की अपनी योजना को आसान बनाने के लिए पासपोर्ट जारी करने की मांग की थी।


शुक्रवार को बीएनपी समर्थकों की भीड़ को नरैल में पार्टी के वरिष्ठ नेता रूहुल कबीर रिजवी ने ‘अवामी लीग को सबक सिखाने’ के लिए उकसाया था। रिजवी का यह बयान ठीक उस समय आया, जब तारिक रहमान ने सड़कों पर हो रही हिंसा के लिए अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि ‘यह सीमा पार बैठे उनके आकाओं को खुश करने के लिए किया गया है।’


हालांकि रहमान ने नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा साफ तौर पर भारत की ओर था, और उन्होंने बांग्लादेश में फैली हिंसा के इस नए दौर के लिए भारत को ही जिम्मेदार ठहराया। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बीएनपी के सांसदों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने के लिए जमीनी स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर सक्रिय रूप से मौजूद रहने को कहा था। उन्होंने सांसदों से केवल प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय खुद भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की थी। वास्तव में प्रधानमंत्री रहमान, जिन्हें पदभार संभाले अभी नौ महीने भी पूरे नहीं हुए हैं, अवामी लीग द्वारा हाल ही में की गई हड़तालों और बंद पर जनता की व्यापक प्रतिक्रिया से स्पष्ट रूप से घबराए हुए हैं। यह सब तब हो रहा है, जब अवामी लीग की प्रमुख शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने और कानूनी कार्रवाई का सामना करने की योजना है। अवामी लीग, जो अब भी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से ही प्रतिबंधित है। नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाकर अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर काम किया था। लेकिन नई चुनी गई बीएनपी सरकार ने संसद में इस प्रतिबंध को औपचारिक रूप देकर एक कदम और आगे बढ़ा दिया। इस स्थिति में अवामी लीग के सामने प्रतिबंध हटाने की अपनी मांग के समर्थन में सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उनके हजारों नेता और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर जेलों में बंद कर दिया गया है। कई लोग मारे गए हैं या जीवन भर के लिए अपंग हो गए हैं; यहां तक कि महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया है। लीग के हजारों समर्थक पलायन कर भारत आ गए, और कई लोगों ने भीड़ के हमलों या गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने गृह जिलों को छोड़ दिया है। ऐसे हालात में, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने का फैसला किया है। ऐसा करके वह अपनी जान जोखिम में डाल रही हैं, क्योंकि इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने उन्हें मौत की सजा सुनाई है। बीएनपी सरकार उनके लौटने को रोकना चाहती है, क्योंकि उसे डर है कि इससे जनता का गुस्सा भड़क सकता है। यही वजह है कि उनके वकीलों की औपचारिक मांग के बावजूद, सरकार ने उन्हें यात्रा दस्तावेज देने से इन्कार कर दिया है। ढाका चाहता है कि शेख हसीना को औपचारिक रूप से बांग्लादेश प्रत्यर्पित किया जाए, लेकिन भारत इसके लिए तैयार नहीं है। इसकी वजह यह है कि हसीना खुद वापस लौटना चाहती हैं, और नई दिल्ली अभी इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या उन पर चला मुकदमा कानून की उचित प्रक्रिया के तहत हुआ था या नहीं। भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि के तहत, मेजबान देश को फैसले की निष्पक्षता को लेकर संतुष्ट होना चाहिए। दिल्ली का तर्क है कि प्रत्यर्पण की जरूरत तभी पड़ती है, जब कोई व्यक्ति न्याय का सामना करने के लिए वापस जाने को तैयार न हो, जबकि हसीना के मामले में ऐसा बिल्कुल नहीं है।


शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले, जिस पर अब भी कई लोगों को संदेह है, अवामी लीग ने लगातार आंदोलन चलाने की घोषणा की है। अवामी लीग पर से प्रतिबंध हटाकर राजनीतिक सुलह का रास्ता अपनाया जा सकता था, लेकिन इसके बजाय बीएनपी सरकार ने सीधे टकराव का रुख अपना लिया है। उसने अपने कार्यकर्ताओं को उस तरह की व्यापक हिंसा करने के लिए खुला छोड़ दिया है, जैसी हिंसा शुक्रवार को नरैल में देखने को मिली। अपने राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही अवामी लीग भी अब अपनी पूरी ताकत से पलटवार कर सकती है। इसका मतलब यह है कि बांग्लादेश में लंबे समय तक अराजकता और अव्यवस्था बने रहने का खतरा पैदा हो गया है।

edit@amarujala.com
विज्ञापन
विज्ञापन
Next