मुझे लगता है कि मेरा जीवन हमेशा खुश या आसान नहीं रहा या वैसा नहीं रहा, जैसा मैं चाहता था। एक खास बिंदु पर मैंने हमेशा कोशिश की कि किन्हीं खास चीजों के बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचना है, अन्यथा मेरा दिल टूट जाएगा। मैं इस बात को बहुत बेहतर तरीके से जानता हूं कि उपन्यास लिखना कितना ज्यादा आत्म-परीक्षण और आत्म-परिवर्तन है।
मैं यह पता लगाने की कोशिश करता रहता हूं कि मुझे काम करने से कौन-सी चीज रोकती है और कैसे मैं आलोचना, उपहास और नुकसान के डर से उबर सकता हूं। लिखने और गंभीरता से अध्ययन के लिए एक स्थिर और शांत जगह वही है, जहां आप जिम्मेदारी से निर्णय ले सकें, जहां आप डरावने और असुविधाजनक दुनिया के भय से मुक्त होकर कुछ सार्थक काम कर सकें। कथा साहित्य अस्तित्व संबंधी समस्या का सबसे अच्छा समाधान है। कथा साहित्य समय और दूरी के बीच तालमेल बिठाने के लिए विशेष रूप से प्रभावकारी उपाय है।
प्यार का संबंध अथाह सहानुभूति से होता है, जो हृदय के इस खुलासे से पैदा होता है कि जितना आप स्वयं वास्तविक हैं, उतना ही दूसरा व्यक्ति भी है। जैसा कि मैं समझता हूं कि इसी कारण प्यार विशिष्ट होता है। पूरी मानवता के साथ प्यार करने की कोशिश करना सार्थक हो सकता है, लेकिन अजीब तरीके से यह स्वयं की नैतिक और अध्यात्मिक भलाई पर ध्यान केंद्रित करता है। जबकि किसी विशिष्ट व्यक्ति से प्यार करने के लिए और उसकी खुशी और संघर्षों की पहचान करने के लिए आपको स्वयं को समर्पित करना पड़ता है।
-मशहूर अमेरिकी उपन्यासकार