चुटकुलों की किताब से लेकर आम महफिलों तक, सदियों से चला आ रहा एक घिसा-पिटा जोक आज भी ठहाकों में मैरीनेट करके परोसा जाता है। इस पूरे जोक का बाकी मुलम्मा जो भी हो, सार यह होता है की स्त्रियां मेकअप में इतना समय लगाती हैं कि उतनी देर में पुरुष चार बार जन्म ले सकता है। ये इस चुटकुले की अतिशयोक्ति है। ऐसे कई चुटकुले हैं जो आज के सभ्य समाज में सुनाए जाते हैं।
इनमें पार्लर से आई पत्नी के बदले रूप को लेकर डरने वाले पतियों, पत्नी के मेकअप पर खर्च होने वाली मेहनत की कमाई, लड़कियों के मेकअप वाले चेहरे के बारिश में धूल जाने पर उनकी बदसूरती के उभर आने वाले कई मजाक शामिल हैं। जो कसर रह गई थी उसे इंस्टा रील्स और बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने पूरा कर दिया। यहां ये चुटकुले बकायदा वीडियो बनाकर डाले जाते हैं। और इनपर महिलाएं भी ठठाकर हंसती हैं और अपने सभी ग्रुप्स पर इन्हें फॉरवर्ड करने में तनिक देर नहीं लगातीं।
फ्रेंच ओपन कासफलतापूर्वक समापन
बहरहाल, मामला ताजातरीन है, बिल्कुल दम लगी बिरयानी की सुगंध जैसा। दुनिया की प्रतिष्ठित, ख्यात और चर्चित खेल प्रतियोगिताओं में से एक, लॉन टेनिस के फ्रेंच ओपन का हाल ही में सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस खेल आयोजन की महिला वर्ग की विजेता रहीं महज 21 साल की पोलिश युवती इगा श्वियान्तेक 21-22 की उम्र यानी यौवन से लबरेज व्यक्तित्व।
ये वह उम्र है जब गालों पर प्राकृतिक सुर्खी का रंग इतना गहरा होता है कि किसी आर्टिफिशियल रंग की जरूरत ही नही होती। उसपर इगा श्वियान्तेक ने तो अपनी मेहनत और लगन से जिस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि की चमक हासिल की, उनके चेहरे और आंखों के उस नूर पर ही कोई दिल हार जाए। उस चमक के आगे हर दमक बेकार। लेकिन साहब, जब तक लड़की को लड़की होने का एहसास न दिलाया जाए, तब तक उसका होना निरर्थक है!
पत्रकार ने पूछा सवाल
सो एक पत्रकार ने इगा से प्रश्न पूछा कि आप मेकअप लगाती हैं या नहीं? जाहिर था कि खिलाड़ी अचानक पूछे गए इस इर्रिलेवेंट प्रश्न को कुछ समय तक समझ ही नही पाई। क्योंकि उन्हें तो लगा था यहां लोग उनके प्रैक्टिस के समय, उनके स्पेशल शॉट्स, उनकी फिटनेस, कोच, जैसे सवाल करेंगे।
प्रश्न दो हिस्सों में था और पहले तकनीकी हिस्से के बाद दूसरे हिस्से में थी उत्सुकता ये जानने की कि तेजी से कलाई घुमाकर सर्व करने वाली ये लड़की क्या मेकअप भी करती है? रिपोर्टर ने इस प्रश्न में यह भी जोड़ा कि चूंकि पूर्व में कई खिलाड़ी कोर्ट में आने से पहले घन्टों आईने के सामने बिताते रहे हैं और आप तो उस लिहाज से बड़ी नैचुरल ब्यूटी लगती हैं। तो क्या आप मेकअप नही करतीं?
मिला ये जवाब
इगा ने फिर भी बहुत मैच्योरिटी से इसका जवाब देते हुए कहा- न जी, मैं तो मेकअप नही करती। मुझे लगता है मुझे इसकी जरूरत भी नहीं। मुझे नहीं लगता कि इससे (मेकअप से) कुछ फर्क पड़ता है। वैसे भी खेल के बीच में जब मैं टॉवल का उपयोग करूँगी तो मेकअप तो उतर ही जायेगा न!
हालांकि, उक्त पत्रकार के इस अटपटे सवाल को लेकर कई लोगों ने उनपर बैन लगाने जैसी बात भी की और कई लोग उनके विरुद्ध भी बोले लेकिन इस एक सवाल ने मेकअप की उस परत को उधेड़ दिया है जो दुनियाभर के समाजों पर सदियों से चढ़ी हुई है।
सजना संवरना किसी भी व्यक्ति (मैं सिर्फ महिला नहीं कहूंगी) की निजी पसंद- नापसंद हो सकती है। लेकिन सजी-धजी, नाजुक सी सुंदर कपड़े में लिपटी महिला हर समाज की वर्चुअल आकांशा होती है। उसके हाथों में फिर भले ही क्रिकेट बैट हो या टेनिस का रैकेट या कि बंदूक, सजकर, प्रेजेंटेबल बनकर रहना उसके लिए एक्स्ट्रा ड्यूटी की तरह होता है। इसके बिना तो वह महिला ही क्या।