गढवाल के इतिहास की झलक भी मंदिर में मिलती है
ऐसा माना जाता है कि मूल रूप से मंदिर की स्थापना 8वीं शताब्दी के दौरान आदि शंकराचार्य द्वारा की गई थी। बाद में गढ़वाल राज्य के नरेशों द्वारा इसका विस्तार किया गया। पंवार वंश के 34वें राजा जगतपाल के बाद 44वें राजा मानशाह द्वारा दान संबंधी एक ताम्रपत्र भी मंदिर में मौजूद बताया गया है जो कि सम्बत 1610 याने कि सन् 1554 का माना जाता है।
मानशाह की मृत्यु सन् 1575 में मानी जाती है। इसी वंश के 42वें राजा सहजपाल द्वारा मंदिर को दान किये गए घंटे का उल्लेख भी मंदिर के शिलालेखों में मिलता है कि 1664 के मंदिर के दरवाजे और चैखटों पर लगे शिलालेखों से पता चलता है कि इस क्षेत्र पर राजा पृथ्वीपति शाह का शासन था। राजा जयकीर्ति शाह, जिन्होंने 1780 के दौरान इस क्षेत्र पर शासन किया था, ने मंदिर में अपना जीवन समाप्त कर लिया क्योंकि उनके दरबारियों ने उन्हें धोखा दिया था। मंदिर के ठीक पीछे मौजूद शिलालेखों पर ब्राह्मी लिपि में 19 लोगों के नाम खुदे हैं, जिनके बारे में कहा जाता है कि स्वर्ग की प्राप्ति के लिए उन्होंने यहां संगम पर जल-समाधि ले ली थी।
ब्राह्मण हत्या के दोष से मुक्ति के लिए राम ने की तपस्या
माना जाता है कि धारानगरी के आए पंवार वंश के राजा कनकपाल के पुत्र श्याम पाल (722-782 ईस्वी) के गुरु शंकर ने काष्ठ का प्रयोग कर मंदिर शिखर का निर्माण करवाया था। गुरु शंकर और आद्य शंकराचार्य का काल आठवीं सदी का है। उस काल में मंदिर का शिखर परिवर्तित होने के कारण जनश्रुति है कि मंदिर का निर्माण शंकराचार्य ने कराया था। ’’स्कंद पुराण‘‘ के केदारखंड में उल्लेख है कि त्रेता युग में लंकाधिपति रावण से युद्ध के बाद ब्रह्म हत्या के दोष से मुक्ति के लिए श्रीराम ने देवप्रयाग में तप किया और विश्वेश्वर शिवलिंगम की स्थापना की थी।
रावण को महाबली ही नहीं बल्कि महाविद्वान ब्राह्मण और तपश्वी भी माना जाता है। मान्यता है कि राजा रामचन्द्र के गुरु भी इसी स्थान पर रहे थे, जिसे वशिष्ठ गुफा कहते हैं। गंगा के उत्तर में एक पर्वत को राजा दशरथ की तपोस्थली माना जाता है। महाभारत युद्ध से पहले पांडवों ने इसी स्थान पर तपस्या की थी। ऐसा माना जाता है कि ऋषि भारद्वाज ने भी इस स्थान पर तपस्या की थी और सात पवित्र ऋषियों, सप्तर्षियों में से एक बन गए थे।
ग्रेनाइट पर है धनुर्धर भगवान की प्रतिमा
रघुनाथ जी के केंद्रीय मंदिर के चारों ओर बद्रीनाथ, आदि शंकराचार्य, शिव, सीता और हनुमान के कई छोटे मंदिर हैं। केंद्रीय मंदिर में रघुनाथजी की प्रतिमा है, जो खड़ी मुद्रा में एक ग्रेनाइट प्रतिमा है। केंद्रीय मंदिर में एक देउला है, जो गर्भगृह के ऊपर शंक्वाकार छत है। मंदिर के सिंहद्वार तक पहुंचने के लिए 101 सीढ़ियां बनी हुई हैं। मुख्य मंदिर के शीर्ष पर स्वर्ण कलश और गर्भगृह में भगवान राम की विशाल मूर्ति है।
मूर्ति के चरण व हाथों पर आभूषण और सिर पर स्वर्ण मुकुट है। प्रतिमा के हाथों में धनुष-बाण और कमर में ढाल है। भगवान के एक ओर सीता और दूसरी ओर लक्ष्मण की मूर्ति है। ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार यह मंदिर 1893 के दौरान आए भूकंप से क्षतिग्रस्त हो गया था। माना जाता है कि क्षतिग्रस्त मंदिर का पुनर्निमाण तत्कालीन ग्वालियर नरेश ने कराया था। वर्तमान में, मंदिर का रखरखाव और प्रबंधन उत्तराखंड सरकार के उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा किया जाता है। इसे अभी तक यूनेस्को की धरोहर सूची में तक दर्ज नहीं कराया जा सका।
अन्यत्र भी हैं प्राचीन राम मंदिर उत्तराखण्ड में देवप्रयाग के अलावा भी उत्तराखण्ड में राम मंदिर हैं जिनका उल्लेख ई.टी एटकिंसन ने ‘‘गजेटियर ऑफ हिमालयन डिस्ट्रिट्स‘‘ ग्रन्थ-.2 के भाग-2 में किया है। एटकिन्सन ने अल्मोड़ा में राम पादुक और उलियागांव तथा उदयपुर के रामजनी में राम मंदिरों का उल्लेख करते हुए कहा है कि रामजनी में राम वहां रहे थे और वहां उनका आश्रम था। इसलिए इसके पड़ोस के जंगल का नाम उनके वन वास के कारण वनास पड़ा।
इन मंदिरों का इतिहास एटकिन्सन ने सन 1884 में करीब तीन सौ साल बताया है। एटकिन्सन ने प्राचीन दानपत्रों के आधार पर कुमाऊं में वैष्णव मंदिरों का पूरा विवरण दिया है जिसमें अल्मोड़ा में रघुनाथ मंदिर के अलावा अल्मोड़ा के ही गिंवाड़ में रामचन्द्र, श्रीनगर गढ़वाल में सीता राम मंदिर, चाईं नागपुर में सीता मंदिर और उदयपुर रामजनी में राम मंदिर का उल्लेख किया है।
देश के अन्य विख्यात राम मंदिर
जम्मू और उत्तराखण्ड के अलावा देश के अन्य हिस्सों में और खास कर दक्षिण में भी कुछ राम मंदिर हैं जो कि देवप्रयाग के रघुनाथ मंदिर की तरह भूले बिसरे नहीं हैं। इमनें राम राजा मंदिर, मध्य प्रदेश, सीता रामचन्द्रस्वामी मंदिर, तेलंगाना, रामास्वामी मंदिर, तमिलनाडु, कालाराम मंदिर, नासिक, महाराष्ट्र त्रिप्रयार राम मंदिर, केरल, राम मंदिर, भुवनेश्वर, ओडिशा और कोदंडाराम मंदिर, कर्नाटक, श्रीराम तीर्थ अमृतसर और राम मंदिर हावड़ा पश्चिम बंगाल आदि शामिल हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।