फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वीडन में गर्मी की छुट्टियों में लगता है नौकरियों का मेला

विज्ञापन
स्वीडन में गर्मी की छुट्टियां बेरोजगार लोगों के लिए नौकरी के नये अवसर लेकर आती है। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

स्वीडन में गर्मी की छुट्टियां नौकरीशुदा लोगों को पेड हॉलीडे मनाने का मौक़ा तो देती ही है। बेरोज़गारों व पढ़ाई पूरी कर चुके नौजवानों के लिए नौकरी की अपार संभावनाएं भी लाती है। युवाओं को यहां की गर्मियों की छुट्टी का बेसब्री से इंतज़ार रहता है, क्योंकि इस मौसम मे ख़ास समर जॉब के इश्तेहार लाखों में निकलते हैं। कंपनियां बड़े पैमाने पर रिक्तियां निकालती हैं, जिसके जरिए स्वीडिश लेबर मार्केट में विदेशी उम्मीदवारों को प्रवेश का मौक़ा मिलता है। 

विज्ञापन


एक अनुमान के मुताबिक़ इस बार समर जॉब के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 110000 रिक्त पदों पर आवेदन मंगाए गए हैं जो कि पिछले साल के मुक़ाबले कहीं ज्यादा हैं। यहां के समाचारों में सरकारी जॉब एजेंसी के जरिए इतनी बड़ी संख्या में मांगे गए आवेदन चर्चा का विषय रहा। खबरों की मानें तो केवल अप्रैल माह में 14हजार से ज्यादा समर जॉब के लिए रिक्तियां निकाली गई हैं। 

विज्ञापन

रोज़गार के मामले में स्वीडन उपरी पायदान पर है। - फोटो : फाइल फोटो
रोजगार के मामले में क्यों खास है स्वीडन?  
दरअसल, रोज़गार के मामले में स्वीडन उपरी पायदान पर है। यहां महिलाओं और पुरुषों का रोज़गार अनुपात दुनिया के दूसरे देशों के मुक़ाबले कहीं अच्छा है। वहीं कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाएं और छुट्टियों के मामले में भी स्वीडन अव्वल है। यहां जून से अगस्त के बीच का मौसम ख़ास और कर्मचारियों के लिए आराम व सैर सपाटे का होता है।

इन महीनों में अधिकांश कर्मचारी छुट्टी पर होते हैं, लेकिन इससे दफ़्तरों, कारख़ानों या संस्थानों में काम नहीं रुकता, बल्कि कर्मचारियों की कमी पूरी करने के लिए समर जॉब की वेकेंसी निकाली जाती है।

इसका फ़ायदा नियोक्ता और कर्मचारी दोनों को होता है। नियोक्ता को काम के लिए कर्मचारी मिल जाता है। जबकि नए लोगों को रोज़गार व अनुभव सर्टिफ़िकेट मिलता है, साथ ही जॉब मार्केट में पैठ बनाने का मौक़ा भी मिल जाता है।

जान-पहचान से मिलती है नौकरियां 
यहां की एक अनकही, लेकिन सच बात यह भी है कि स्वीडन में ज़्यादातर नौकरी जान-पहचान के जरिए मिलती है, इसलिए योग्यता होने के साथ स्थानीय लोगों से जान-पहचान होना भी ज़रूरी होता है, जो आपकी योग्यता के अनुरूप बेहतर काम करने पर अपनी मुहर लगा सके। नियोक्ता को आपकी योग्यता, कार्यशैली, आचरण जैसी चीज़ों को लेकर आश्वस्त कर सके। ऐसा होने के बाद ही नौकरी पक्की समझिए। 
यही वजह है कि नौकरीशुदा लोगों के लिए ही नहीं बल्कि बेरोज़गारों के लिए भी समर वेकेशन खास बन जाता है। बता दूं कि स्वीडन समेत समूचे यूरोप में स्थानीय भाषा के ज्ञान के बग़ैर नौकरी मिलना बेहद कठिन है, लेकिन ज़्यादातर समर जॉब में इसमें रियायत मिल जाती है। 

स्वीडन में गर्मी का मौसम पर्यटन के लिहाज़ से भी महत्वपूर्ण है। जून से अगस्त के बीच यहां पर्यटकों की संख्या सबसे ज्यादा होती है। यही वजह है कि इन दिनों गाइड,रेस्तरां, होटल व दुकानों में काम करने के सर्वाधिक मौक़े सामने आते हैं। हालांकि कुछ नौकरियां ख़ासतौर पर स्वीडिश भाषी स्थानीय लोगों के लिए होती है। लेकिन ग़ैर स्वीडिश भाषियों को अधिकाधिक मौक़ा मिल जाता है।
 

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। आप भी अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें