श्रीमती प्रीति पटेल और मधु मल्होत्रा
- फोटो : Priti Patel, madhu
भोपाल शहर की सुंदर और बेहद जिम्मेदार टैक्स कमिश्नर सीमा पांडे, दो सुंदर बेटियों की मां। अपने स्त्रीत्व को किसी उत्सव से कम नही मनाती। जितने अनुशासन से वे ऑडिट करती हैं, उतने ही चाव से स्वयं के लिए बांधनी की सुंदर साड़ियों का चयन भी कर लेती हैं। उन्हें नए सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली में भी उतनी ही रुचि है, जितनी रुचि गीतों, गजलों और किताबों में हैं। वे कहती हैं, "स्त्रीत्व एक यात्रा है अंधकार से प्रकाश की। स्त्रीत्व एक कला है प्राचीनता से नवीनता को जोड़ने की। स्त्री मतलब ब्यूटी विद ब्रेन।"
शहर की सफलतम व्यवसाई विभा इस संदर्भ में कुछ और ही कहती हैं। उनका मानना है स्त्री यानि शाश्वत आनंद। वह उद्यमी हैं, शिक्षिका है, डॉक्टर हैं, पत्रकार हैं, किंतु इससे भी पूर्व आप खुद के लिए जिम्मेदार हैं। कहती हैं कि ईश्वर को धन्यवाद दें कि आप स्त्री हैं, स्त्री होना एक अनुभूति है। वह घर, व्यवसाय और समाज सबके साथ सुंदर सामंजस्य बना जीती भी हैं और जीतती भी हैं।
इरादों की मजबूत, व्यक्तित्व की धनी और अपने कलम से पहाड़ धराशायी कर देने वाली स्वतंत्र लेखिका स्वाति शैवाल स्त्री होने के पर एक अलग दृष्टिकोण रखती हैं। उनके अनुसार स्त्री होना वर्जनाओं में जीना नहीं बल्कि खुलकर जीना है। स्त्री मतलब स्वतंत्र निर्णय क्षमता, स्त्री मतलब शारिरिक सुकृति का मानसिक शक्ति से योग। स्त्री मतलब महायज्ञ, स्त्री मतलब संसार में सृजन की अनन्य संभावनाएं। वे स्त्रीत्व को सहज स्वाभाविक वरदान मानकर जीती हैं। उनकी नजर में खुद का महिला होना बहुत अहम है।
ये वे स्त्रियां हैं, जिन्होंने कभी समाज से कुछ नही मांगा बल्कि अपनी दक्षता से समाज को धनी बनाया है। इन्हें देश की भी चिंता है और मानव धर्म की भी। इनके व्यक्तित्व में ऊष्मा भी है और ऊर्जा भी। वे शांत भी हैं और कर्मरत भी। इन्होंने शक्ति का प्रयोग सृजन के लिए भी किया है और मानव कल्याण के लिए भी। ये आर्यावर्त की पुत्रियां, वे कुलीन स्त्रियां है, जो पूरे मनुष्य जाति के लिए प्रेरणा है। यह स्वयं में अस्तित्व सार्थकता हैं। अग्निगर्भा, स्वयं सिद्धा, जिनसे अभिभूत हो किसी शाक्यवंशी ने कभी लिखा था- "यत्र नार्यस्त पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता"। ऐसी स्त्रियों को शत शत प्रणाम।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।