फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राम मंदिर विशेष: सब पर बरस रही राम की कृपा

विज्ञापन
22 जनवरी को कई कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफर दे रही हैं। - फोटो : Twitter
विज्ञापन

इन दिनों जिस तरफ निकलो भगवा झंडे लहराते हुए दिखते हैं। बाजार राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को भुनाने में लगा है। सड़क पर घूम रहे आम विक्रेताओं से लेकर कॉरपोरेट जगत तक राम मंदिर में खुद के लिए अवसर ढूंढ रहा है। एफएम रेडियो पर दिन-रात कंपनियों के राम मंदिर से जुड़े विज्ञापन बज रहे हैं। 22 जनवरी को राम मंदिर से खुद को जोड़कर दिखाने की मानो होड़ लगी हुई है। अनुमान है कि देशभर में एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से होगा।

विज्ञापन


कोई भी विशेष अवसर जब देश में होता है तो कॉरपोरेट जगत स्वयं को दूर नहीं कर पाता। फिर अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तो भारत में जन-जन की आस्था का प्रतीक बन गया है। ऐसे में बाजार कैसे इस अवसर को छोड़ सकता है? शायद ही कोई ऐसा बिजनेस होगा, जो स्वयं को भगवान राम से न जोड़ रहा हो। राम मंदिर के बैनर, कैप, टी-शर्ट, कुर्ते हर तरफ देखने को मिल रहे हैं। 

22 जनवरी को कई कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफर दे रही हैं। गांव हो या शहर, जगह-जगह पंडाल लगाए जा रहे हैं। भोज चल रहे हैं। हलवाई पूरी तरह व्यस्त हैं। टेंट हाउस वाले डिमांड पूरी नहीं कर पा रहे हैं। घरों पर लोगों ने दीपावली जैसी सजावट की है। इलेक्ट्रीशियन दिन-रात इस काम में लगे हुए हैं। एक प्रसिद्ध शीतल पेय ब्रांड ने हिंदी थीम पर अपना प्रोडेक्ट उतार दिया है। होटल इंडस्ट्री से लेकर ट्रैवल एजेंसियां तक पीछे नहीं हैं।

विज्ञापन

धार्मिक पुस्तकों की बिक्री बढ़ गई है। - फोटो : अमर उजाला
म्यूजिक इंडस्ट्री बूम पर है। भगवान राम को समर्पित भजनों और गानों की बहार आई हुई है। शहरों में बिल्डर 22 जनवरी को अपने प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास कर रहे हैं। देशभर में राम मंदिर के 5 करोड़ से अधिक मॉडल बेचे जाने का अनुमान है और इसके लिए दिन-रात अलग-अलग राज्यों में कुटीर उद्योग स्तर पर काम चल रहा है।

धार्मिक पुस्तकों की बिक्री बढ़ गई है। पिछले दिनों गोरखपुर में गीता प्रेस के पास रामचरित मानस पुस्तक की कमी हो गई थी। कुछ यही स्थिति गारमेंट्स कारोबार में भी देखने को मिल रही है।

राम मंदिर बनाने का काम भले टाटा और एल.एंड.टी ने किया है, लेकिन अयोध्या के विकास संबंधी कार्यों में कई कॉरपोरेट सहयोग देने के लिए आतुर हैं। अयोध्या को राम मंदिर के सहारे नया धार्मिक टूरिज्म हब बनाने का योगी सरकार का सपना पूरा हो रहा है।

अयोध्या, काशी और मथुरा के सहारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी की इकोनॉमी को एक ट्रिलियन डॉलर की तरफ ले जाने का सपना देख रहे हैं। जिस तरह से कॉरपोरेट जगत का साथ राम मंदिर को मिला है तो योगी आदित्यनाथ का यह सपना पूरा होता दिख रहा है।
विज्ञापन

बनकर तैयार है भव्य राम मंदिर। - फोटो : Twitter
भाजपा शासित कई राज्यों ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए आधे दिन का अवकाश घोषित किया है। इसी तर्ज पर कुछ कॉरपोरेट्स और निजी कंपनियां भी अवकाश घोषित कर रही हैं। जिस तरह से देश राममय है तो यह बिल्कुल स्पष्ट है कि राम की कृपा सब पर बरस रही है। फिर दीपावली जैसे उत्सव पर भला कोई कैसे पीछे रह सकता है?

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें