दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह देशभर में मनाया जाने वाला बड़ा त्योहार है और इसे 'खुशियों की ईद' कहा जा सकता है। उन्होंने त्योहार के बहाने देश में शांति बनाए रखने, आपसी मतभेद भुलाने और राष्ट्रीय एकता मजबूत करने की अपील भी की।
खरगे के बयान का मूल भाव खुशियों और उत्सव की साझी संस्कृति बताना था। लेकिन क्या राजनीतिक मंच से दिए गए ऐसे संदेश के लिए शब्दों का चुनाव भी उतना ही महत्वपूर्ण नहीं है? क्या वह अपनी बात बिना किसी दूसरे धर्म के त्योहार का संदर्भ दिए भी कह सकते थे?
भाजपा को मिला मुद्दा?
भाजपा ने खरगे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के नेताओं ने सवाल उठाया कि दीपावली की अपनी धार्मिक पहचान, परंपरा और सांस्कृतिक महत्व है। उसे ईद से जोड़ने की क्या जरूरत थी?
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पूछा कि क्या खरगे और राहुल गांधी ईद को 'खुशियों की दिवाली' कहने का साहस दिखाएंगे? भाजपा ने इसे कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति और हिंदू भावनाओं की अनदेखी से जोड़ने की कोशिश की। यहां भाजपा की आपत्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं रही। उसने कांग्रेस के पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर दिए गए बयानों को भी इस विवाद से जोड़ दिया।
कांग्रेस की सफाई क्या है?
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को राजनीतिक विवाद पैदा करने की कोशिश बताया। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि ईद का अर्थ त्योहार है और खरगे ने इसी व्यापक अर्थ में इस शब्द का इस्तेमाल किया है।
उनका तर्क था कि बयान को उसके पूरे संदर्भ में समझना चाहिए। खरगे ने किसी धर्म या त्योहार का अपमान नहीं किया, बल्कि खुशियों और आपसी सद्भाव की बात कही।लेकिन सवाल यह है कि क्या कांग्रेस की यह सफाई आम लोगों तक उसी तरह पहुंचेगी, जिस तरह भाजपा का आरोप पहुंच रहा है?
मुस्लिम नेताओं की राय बंटी?
इस विवाद का एक दिलचस्प पहलू मुस्लिम नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने खरगे पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उनके हाथ में होता तो वोट बैंक की राजनीति के लिए वे दीपावली के दिन ही लोगों को 'ईद मुबारक' कह देते। उन्होंने कांग्रेस पर धार्मिक त्योहारों को लेकर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।
इसके विपरीत कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने खरगे के बयान का बचाव किया। उनका कहना था कि खुशी व्यक्त करने के लिए ईद का इस्तेमाल एक रूपक के तौर पर भी होता है। आम बोलचाल में किसी के लंबे समय बाद दिखाई देने पर 'ईद का चांद हो गए' कहा जाता है। उनके मुताबिक ईद खुशी का पर्याय है।
लेकिन एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान की प्रतिक्रिया कांग्रेस के लिए असहज करने वाली रही। उन्होंने भी खरगे के बयान को राजनीतिक दिखावा और किसी खास वोट बैंक को खुश करने की कोशिश बताया। उनका कहना था कि दीपावली और ईद दोनों की अपनी अलग पहचान है और दोनों त्योहारों का सम्मान होना चाहिए।
यहां एक महत्वपूर्ण सवाल उठता है कि जब मुस्लिम समुदाय के नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी एक जैसी नहीं हैं, तब क्या इस पूरे विवाद को केवल हिंदू बनाम मुस्लिम के नजरिये से देखना उचित होगा?