फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

दूसरा पहलू: अमेजन के जंगलों के नीचे छिपा प्राचीन साम्राज्य उजागर, लिडार तकनीक ने खोला रहस्यमयी शहरों का राज

जोस इरियार्टे Published by: शिवम गर्ग Updated Mon, 15 Jun 2026 06:58 AM IST

सार

वैज्ञानिकों ने अमेजन के जंगलों के नीचे छिपी ऐसी दुनिया का खुलासा किया है, जिसने इतिहासकारों व पुरातत्वविदों को हैरान कर दिया है। कसारबे और अमेजन की ये लुप्त संस्कृतियां आज के जलवायु संकट से जूझ रहे आधुनिक विश्व को एक बहुत बड़ा सबक देती हैं। अमेजन के सीने में अब भी 10,000 से अधिक प्राचीन सभ्यताएं दफन है, जिन्हें खोजा जाना बाकी है। ये प्राचीन सभ्यताएं हमें विकास के सबक देती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
खोया हुआ साम्राज्य, जिसे पेड़ों ने छिपा रखा था। - फोटो : अमर उजाला प्रिन्ट/एजेंसी


इस खोज में सबसे प्रमुख नाम बोलीविया की ‘कसारबे संस्कृति’ का है, जो करीब ईस्वी 500 से 1400 के बीच यहां फल-फूल रही थी। लगभग न्यू जर्सी जितने बड़े इलाके में फैली यह सभ्यता वास्तुकला और शहरी नियोजन का एक बेजोड़ अजूबा थी। यहां के मुख्य और बड़े शहरों में 20 मीटर से भी ऊंचे पिरामिड, सार्वजनिक सभाओं के लिए विशाल मंच और मानव-निर्मित ऊंचे चबूतरे थे। दिलचस्प बात यह है कि इस सभ्यता के सभी बड़े निर्माण एक खास दिशा में झुके हुए हैं, जो दर्शाता है कि उनका जीवन खगोल विज्ञान और ब्रह्मांडीय मान्यताओं से गहराई से प्रेरित था।


कसारबे के लोग प्रकृति के बीच रहकर ‘लो-डेंसिटी ट्रॉपिकल अर्बनिज्म’, यानी कम घनत्व वाले वन-नगरों को बसाने में माहिर थे। उन्होंने घने जंगलों के बीच में खुली जगहें, बाग और खेत बनाए। एक ऐसी बेहतरीन जल प्रबंधन प्रणाली तैयार की, जिससे लोग सूखे और बाढ़, दोनों मौसमों में खेती कर सकें। उन्होंने फसलें उगाने के साथ जीवों को पालतू बनाने की कला भी सीख ली थी। अमेजन की बंजर जमीन को उपजाऊ बनाने के लिए चारकोल, हड्डियों और जैविक कचरे को मिलाकर एक विशेष मिट्टी तैयार की, जिसे आज ‘अमेजोनियन डार्क अर्थ’ कहा जाता है। लिडार तकनीक ने बोलीविया के साथ-साथ इक्वाडोर की उपानो घाटी और ब्राजील के रहस्यमय ‘सन विलेजेस’ जैसी बस्तियों को भी उजागर किया। वैज्ञानिक मानते हैं कि अमेजन के सीने में 10,000 से अधिक ऐसी और प्राचीन संरचनाएं दफन हैं, जिन्हें खोजा जाना बाकी है।


कसारबे और अमेजन की ये लुप्त संस्कृतियां आज के जलवायु संकट से जूझ रहे आधुनिक विश्व को एक बहुत बड़ा सबक देती हैं। आज जब दुनिया जलवायु संकट से जूझ रही है, तब अमेजन की ये प्राचीन सभ्यताएं हमें विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन का एक महत्वपूर्ण सबक देती हैं। -द कन्वर्सेशन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next