आईपीएल की चमक फीकी होने का एक कारण यह भी रहा है कि आईपीएल अपनी शुरुआत से लेकर अबतक भंयकर विवादों में घिरा रहा।
- फोटो : Twitter
क्यों चमक हो रही फीकी?
देखा जाए तो आईपीएल की चमक फीकी होने का एक कारण यह भी रहा है कि आईपीएल अपनी शुरुआत से लेकर अबतक भंयकर विवादों में घिरा रहा। इस बार कुछ बड़े खिलाड़ियों ने खुद रिटेन होने की अर्जी दी है। उनमें महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना, मुरली विजय, रविंद्र जडेजा, केदार जाधव, अंबाती रायुडू, हरभजन सिंह, दीपक चाहर शामिल हैं।
इसके अलावा केएम आसिफ, कर्ण शर्मा, ध्रुव शौरी, मोनू कुमार, चैतन्य विश्नोई,एन जगदीशन, शार्दुल ठाकुर, मोहित शर्मा व ऋतुराज गायकवाड़ ने भी खुद की बोली लगाने के लिए आयोजकों से संपर्क किया। विदेशी खिलाड़ियों में सैम बिलिंग्स, इमरान ताहिर, फॉफ डुप्लेसी, मिचेल सेंटनर, डेविड विली, ड्वेन ब्रावो, शेन वॉटसन, लुंगी नगिडी आदि को रिटेन किया गया है।
युवा खिलाड़ी हैं केंद्र में
प्रबंधकों ने इस बार युवा और नए खिलाड़ियों पर विश्वास जताया है। बड़े खिलाड़ियों को ज्यादा भाव नहीं दिया, जो कभी सबसे महंगे बिकते थे उनकी बोली सबसे कम लगाई गई। उनमें युवराज सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। युवराज कभी पंद्रह करोड़ में बिके थे लेकिन इस बार महज एक करोड़ में बिके। आयोजकों के लिए इस बार सबसे बड़ी चुनौती दर्शकों को जोड़ने की होगी, क्योंकि जिस वक्त आईपीएल शुरू होगा उसी वक्त देश में लोकसभा चुनाव और वर्ल्ड कप की गहमागहमी होगी।
आईपीएल-2019 की नीलामी में अनकैप्ड खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती और जयदेव उनादकट सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। वरुण को 8.4 करोड़ रुपए में पंजाब ने और उनादकट को इतने ही रुपए में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा। टीम प्रबंधक इस बार कुछ प्रयोग करना चाहते हैं इसलिए नीलामी में युवा खिलाड़ियों पर जोर दिखाया। नये खिलाड़ी शिवम दुबे को आरसीबी ने 5 करोड़ रुपए में खरीदा है तो वहीं 17 साल के प्रभसिमरन और 4.80 और 15 साल के प्रयास को 1.50 करोड़ में खरीदा गया।
धुरंधरों की कीमत न लगने को आईपीएल इतिहास में बड़ा बदलाव कहा जा रहा है।
- फोटो : File photo
क्यों मुश्किल में है टूर्नामेंट?
इस बार कई खिलाड़ियों को खरीददारों ने नकारा है। इस बार वह क्रिकेटर बेभाव बिके हैं जिन्हें पिछले संस्करणों में कोई पूछता तक नहीं था। धुरंधरों की कीमत न लगने को आईपीएल इतिहास में बड़ा बदलाव कहा जा रहा है। इसबार अनकैप्ड प्लेयर्स दिग्गजों पर भारी पड़े। कह सकते हैं कि टीम मालिकों ने आईपीएल के इस सीजन में खिलाड़ियों के खरीदने का पैमाना पूरी तरह से बदल दिया। देखा जाए तो दर्शक भी अब आईपीएल में नए चेहरों को देखना चाहते हैं। सूत्र बताते हैं कि दशकों की चाहत को पूरा करने के लिए ही टीम मालिकों ने इस बार ये बदलाव किया है।
गौरतलब है कि क्रिकेटप्रेमियों के अलावा बीसीसीआई और देश-दुनिया के क्रिकेट खिलाड़ियों को आईपीएल का इंतजार बेसब्री से रहता है। इंतजार हो भी क्यों न, लीग कमाई और शौहरत का जरिया जो बन गई है। इस खेल में खिलाड़ियों के लिए बेशुमार पैसा है। यही वजह है कि आईपीएल ने कई अनजान चेहरों को नई पहचान दी है।
दरअसल, लीग में चारों ओर पैसा बरसता है इसलिए हर कोई इस चमत्कारी आयोजन से जुड़कर अपनी जिंदगी बदलना चाहता है। पूर्व में लीग के 11 सेशन संपन्न हो चुके हैं। अब 12वें की बारी है। टीम प्रबंधकों ने आईपीएल-12 के लिए आयोजन में कुछ बदला किया है। टीम मालिकों ने ऐसे चेहरों को शामिल किया है जिनकी उम्मीद कोई नहीं कर सकता था।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण) : यह लेखक के निजी विचार हैं. आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है. आप भी अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं. लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें.