फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'जाना था जापान पहुंच गए चीन', कुछ ऐसी हो गई है भारत दौरे पर दक्षिण अफ्रीकी टीम की हालत

विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

ये मजाक बचपने का है। जब इम्तिहान में पढ़कर कुछ और जाते थे और आ कुछ और ही जाता था। पढ़ाई गणित की करके गए थे और परीक्षा के कमरे में जाकर पता चला कि परीक्षा तो अंग्रेजी की है। इसके बाद पचास के दशक में किशोर कुमार की फिल्म आई- चलती का नाम गाड़ी। इस फिल्म में एक गाना था हम थे तुम थे और समां रंगीन समझ गए ना, जाना था जापान पहुंच गए चीन समझ गए ना।

विज्ञापन


करीब 60 साल पहले मजरूह सुल्तानपुरी ने जो लिखा वो हालत इस वक्त भारत के दौरे पर आई दक्षिण अफ्रीकी टीम की हो रही है। दक्षिण अफ्रीका की टीम इस समय रांची में टेस्ट मैच खेल रही है। विशाखापट्टनम और पुणे में पहले दोनों टेस्ट मैच गंवाने के बाद तीसरे टेस्ट मैच में भी उसकी हालत खराब है। रविवार को टेस्ट मैच का दूसरा दिन था और दूसरे दिन के बाद से ही ये दिख रहा है कि दक्षिण अफ्रीका की टीम ये टेस्ट मैच भी हार जाएगी। बशर्ते मौसम कोई अप्रत्याशित तरीके से खेल ना कर दे।

हालांकि ये उम्मीद असंभव जैसी ही है क्योंकि अभी टेस्ट मैच में पूरे तीन दिन का खेल बाकी है। दूसरे दिन से ही पतली मेहमानों की हालत रांची टेस्ट में भारतीय टीम ने पहली पारी 9 विकेट पर 497 रनों के स्कोर पर घोषित कर दी। भारत की तरफ से रोहित शर्मा ने शानदार दोहरा शतक लगाया। अजिंक्य रहाणे ने भी शानदार शतक जड़ा। एक समय 39 रन पर तीन विकेट खो चुकी भारतीय टीम की इन दोनों बल्लेबाजों ने मैच में वापसी कराई।

विज्ञापन

भारतीय स्पिन का तोड़ नहीं निकाल पाए मेहमान

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : सोशल मीडिया
मैच के दूसरे दिन विराट कोहली ने तीसरे सेशन में दक्षिण अफ्रीका को बल्लेबाजी के लिए उतार दिया। दक्षिण अफ्रीका की मुश्किल स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिर्फ पांच ओवर के खेल में वो 2 विकेट गंवा चुके हैं। ये दो विकेट भी दो ऐसे बल्लेबाजों के हैं जिन्होंने पहले टेस्ट मैच में शतक लगाया था।

डीन एल्गर बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए। जबकि उनके साथ सलामी बल्लेबाज के तौर पर आए क्विंटन डी कॉक भी सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। डीन एल्गर को मोहम्मद शमी ने विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। इसके बाद क्विंटन डी कॉक भी उमेश यादव की गेंद पर साहा को कैच थमाकर पवेलियन लौटे।

भारत के दौरे पर जब टीमें आती हैं तो स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ खास तैयारी करके आती हैं। विशाखापट्टनम टेस्ट मैच की पहली पारी में ऐसा हुआ भी जब आर अश्विन ने पहली पारी में अफ्रीका के 7 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। लेकिन इसी टेस्ट मैच की दूसरी पारी में मोहम्मद शमी ने पांच विकेट चटका कर टीम को जीत दिलाई। इसके बाद पुणे में भी भारतीय टीम के तेज गेंदबाजों ने जीत में अहम रोल निभाया।
विज्ञापन

तेज गेंदबाज लय में

टीम इंडिया - फोटो : सोशल मीडिया
तेज गेंदबाजों के कोटे में 10 विकेट आए। रांची में भी पहले दोनों विकेट तेज गेंदबाजों ने झटके हैं। इस सीरीज में अब तक दक्षिण अफ्रीका की टीम के जो 42 विकेट गिरे हैं उसमें से 18 विकेट तेज गेंदबाजों के खाते में आए हैं। मोहम्मद शमी ने सीरीज में अभी तक 9 विकेटलिए हैं। उमेश यादव ने 7 विकेट चटकाए हैं। ईशांत शर्मा के खाते में भी 2 विकेट हैं। हालांकि वो इस टेस्ट मैच के प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं हैं।

दक्षिण अफ्रीका की बड़ी हार के पीछे एक बड़ी वजह यही है कि उनके बल्लेबाज भारत के तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी असहज नजर आ रहे हैं। जिन विकेटों पर दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों को संघर्ष करना पड़ रहा है उसी विकेट पर भारतीय तेज गेंदबाजों ने कामयाबी हासिल करके दिखाया है। इस बात को ऐसे भी समझा जा सकता है कि दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा को सीरीज में अब तक सिर्फ 7 विकेट मिले हैं।

फिलेंडर के खाते में भी सिर्फ 2 विकेट ही आए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग में रबादा ने जो फॉर्म दिखाई थी वो अब दूर दूर तक उनकी गेंदबाजी में नजर नहीं आ रही है। दक्षिण अफ्रीका इस सीरीज में ये सोच कर नहीं आई होगी कि उसकी ये हालत होने वाली है लेकिन अब स्थिति ऐसी है कि अफ्रीकी बल्लेबाजों के लिए भारत के स्पिन और तेज गेंदबाज एक तरफ कुंआ दूसरी तरफ खाई जैसे बने हुए हैं।

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें