वर्ष 2022 में तिलक वर्मा को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने का मौका मिला। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 1.70 करोड़ रुपए में खरीदा। अब तक 25 आईपीएल मैचों में वह 740 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 144.53 का है। आईपीएल में तिलक का अधिकतम स्कोर 84 रन नाबाद है और उन्होंने तीन हॉफ सेंचुरी भी लगाई हैं। तिलक वर्मा एक हरफनमौला खिलाड़ी हैं और छक्के लगाना भी बखूबी जानते हैं। वो बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जबकि दाएं हाथ से ऑफब्रेक बॉलिंग करते हैं। हालांकि, अब तक उन्हें बॉलिंग का अधिक मौका नहीं मिला है।
वेस्टइंडीज के साथ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारत 2-0 से पीछे चल रहा था। प्रोविडेंस में तीसरा मैच बेहद निर्णायक हो गया था। यदि यह मैच भारत हार जाता तो सीरीज भी हार जाता। जब भारत को यशस्वी जायसवाल व शुभमन गिल के रूप में जल्द ही दो झटके लगे और सूर्यकुमार यादव पिच पर नए बल्लेबाज थे, तब तिलक वर्मा ने पिच को पकड़कर रखा।
सूर्यकुमार के साथ तीसरे विकेट के लिए तिलक ने 87 रन जोड़े। तिलक जब अपनी हाफ सेंचुरी के मुहाने पर खड़े थे तो कप्तान हार्दिक पांड्या ने छक्का लगाकर टीम को मैच जिता दिया। अपने छक्के को लेकर हार्दिक पांड्या सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हो रहे हैं, क्योंकि हार्दिक चाहते तो तिलक वर्मा हॉफ सेंचुरी पूरी कर सकते थे।
खैर क्रिकेट व्यक्तिगत न होकर टीम गेम है। मध्य क्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा के आगे एक लंबा करियर है और अभी उन्हें कई सेंचुरी लगानी हैं। वैसे, आगामी वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को तिलक को मौका देकर अंतिम 16 खिलाड़ियों में जगह देनी चाहिए। निश्चित ही यह प्रतिभावान खिलाड़ी क्रिकेट प्रेमियों को निराश नहीं करेगा।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।