‘लोगोथेरेपी’ का सार है, ‘विल टू मीनिंग’। जिंदगी से तुम क्या चाहते हो, इस पर जोर न दे कर यह सिद्धांत एक भिन्न नजरिया पेश करता है, ‘जिंदगी तुमसे क्या चाहती है।’ फ्रैंकल कहते हैं कि जिंदगी तुमसे जो चाहती है, वह और कोई पूरा नहीं कर सकता है, तुम और मात्र तुम कर सकते हो। कम-से-कम एक व्यक्ति इस दुनिया में ऐसा है, जिसको तुम्हारी आवश्यकता है।
दुनिया के लिए भले ही तुम एक आदमी हो, पर इस आदमी के लिए तुम दुनिया हो। अत: प्रत्येक व्यक्ति को जिंदगी का अर्थ जानने की इच्छा रखनी चाहिए।
विक्टर फ्रैंकल ने 39 किताबें लिखीं, आत्मकथात्मक ‘मैन्स सर्च फॉर मीनिंग’ उनकी बेस्ट सेलर किताब है। यह संस्मरण दो भाग में बंटा हुआ है, पहला हिस्सा उनके यातना शिविरों के अनुभव को दिखाता है। दूसरा भाग उनके संघर्ष को सबके लिए महत्वपूर्ण बनाता है। पहले भाग में वे अपने एवं यातना शिविर में रह रहे अन्य लोगों के भावात्मक, आध्यात्मिक अनुभवों को बताते हैं। वे सारी बातें बहुत नम्रता के साथ चित्रित करते हैं।
पेज 36 में वे लिखते हैं, आत्महत्या का विचार प्राय: प्रत्येक के मन में आता, भले ही क्षणांश मात्र हेतु। स्थिति की हताशाजनक स्थिति, मौत के सिर पर निरंतर झूलते रहने, दूसरों की मौत देख कर यह विचार उत्पन्न होता।
पहला हिस्सा जितना लोमहर्षक है, दूसरा हिस्सा उतना ही पूरी मानवता केलिए लाभकारी है। इस भाग में वे सफलतापूर्वक दिखाते हैं कि उन्होंने अपने एवं दूसरों के यातना शिविरों के अनुभव से क्या सीखा, प्रत्येक आदमी उनके इस अनुभव से प्राप्त निचोड़ से अपना जीवन संवार सकता है। हम कष्ट एवं पीड़ा को रोक नहीं सकते हैं, लेकिन इसका सामना करने का रास्ता चुन सकते हैं, इसमें भी अर्थवत्ता खोज सकते हैं, और इस तरह अपने उद्देश्य को लेकर आगे जा सकते हैं।
बहुत सारे लोग न तो उनके यातना शिविरों के जीवन से खुद को जोड़ पाते हैं और न ही बाद वाले हिस्से को प्रारंभ में समझ पाते हैं। लेकिन जब पाठक इन बातों को दोबारा पढ़ता है, उस पर चिंतन-मनन करता है तब उसे इस अनमोल तोहफे का पता चलता है। तोहफा जो विक्टर फ्रैंकल दुनिया को दे गए हैं। वे धर्म का निचोड़, ‘अपने जीवन का अर्थ खोजो’ अपने इस ‘लोगोथेरेपी’ सिद्धांत में प्रस्तुत करते हैं।
जब व्यक्ति अपने जीवन का अर्थ खोजने निकलता है, तो यह उसे एक उद्देश्य देता है, एक उद्देश्य जो आदमी को मजबूती प्रदान करता है। ऐसी मजबूती जिसके बल पर वह किसी भी क्रूरता, अत्याचार, छोटी-बड़ी किसी भी कठिनाई का सामना कर सकता है। यह आपके अस्तित्व को बचाता है, आपको जीने का मकसद प्रदान करता है। यह खोज आपको आध्यात्मिक ऊंचाई तक ले जाती है।
उनके सिद्धांत के अनुसार मनुष्य उपभोग (प्लेजर) से नहीं जीवन के अर्थवत्ता की खोज से आगे बढ़ता है। यह खोज आदमी को जीवित रहने, आगे बढ़ने को प्रेरित करती है।
170 पन्नों की किताब में पेज 86 में विक्टर फ्रैंकल कहते हैं, आदमी से एक चीज के अलावा सब कुछ छीना जा सकता है, उसकी स्वतंत्रता – परिस्थितियों में अपना रास्ता चुनने की स्वतंत्रता, अपने उसके नजरिया के अलावा सब छीना जा सकता है। इस मनोवैज्ञानिक सूझ भरी किताब ‘मेन्स सर्च फॉर मीनिंग’ को पढ़ कर देखें, इससे गुजरने के बाद आप वही नहीं रह जाएंगे।
------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।