दीपोत्सव की मंगलकामनाएं..!
इस दिवाली सभी आत्मीय, प्रियजन, दोस्तों, रिश्तेदारों और साथियों के जीवन में आनंद, उत्साह और शांति हो और सबसे बड़ी कामना, सभी के जीवन में आरोग्य की उजास फैले। इस साल जिस अंधेरे से निकलकर हम जीवन की मद्धम, स्वच्छ और स्वस्थ रौशनी में प्रवेश कर रहे हैं, यह यात्रा निश्चिंत गति से सतत् प्रवाहमान रहे।
- एक दीप शांति का जलाएं-
- एक प्रार्थना का प्रज्वलित करें-
- और एक सांत्वना का प्रकाशित करें ताकि टूटे, उदास और मायूस मन संबल हासिल करें, उन परिजनों के भीतर का अंधेरा कम हो जिन्होंने असमय अपने किसी प्रिय को खोया, उन वृद्ध, अनाथ और अकेले रह गए लोगों को हिम्मत मिले जो इस दुष्चक्र का शिकार हुए, उनके जीवन में प्रकाश हो..!
इस दीप पर्व पर उन मृत आत्माओं को शांति और श्रद्धांजलि जो इस महामारी का शिकार हुए और कई अव्यवस्था के चलते अकारण अपनी जान से हाथ धो बैठे। यह समय अब भी कठिन है। हम अब भी कोरोना से लड़ रहे हैं, डेंगू से जूझ रहे हैं, जीका वायरस की काली छाया दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और कानपुर से लेकर कई जगह पैर फैला रही है, रही-सही कसर राजधानी में स्वाइन फ्लू और प्रदूषण ने पूरी की है।
यकीनन, चुनौतियां ज्यादा हैं और दूर तक फैली दिखाई देती हैं। टेस्टिंग कम है, लिहाजा इसलिए चीजें वैसी दिख नहीं रहीं, लेकिन एक समानांतर अंधेरा लुक-छिपकर साथ चल रहा है, उस पर नजरें और सतर्कता बनाएं रखें क्योंकि सतर्कता और सजगता की रौशनी ही उसे मिटाएगी।
पर्व और उत्सव जीवन में रौशनी ही बढ़ाते हैं और त्योहारों की सामूहिक खुशियां मिल-जुलकर बाधाओं से पार जाकर कठिन से कठिन समय का सामना करने की ताकत देते हैं.
उम्मीद है यह प्रकाशपर्व हमारे भीतर उजास फैलाएगा और हम परिस्थितियों को ज्यादा पारदर्शी तरीके से देख पाएंगे। दीपावली का यह प्रकाश हमें हर तरह के अंधेरे से पार करने में सक्षम बनाए ऐसी ईश्वर से कामना है।
इधर, दीपावली की रौशनी सूर्य उपासना के महापर्व छठपूजा के तप और निष्ठा की ऊर्जा में समाहित होकर दोगुनी होकर चमकने लगी है। दो महापर्वों की युति हमें ऊर्जा और साहस दे, संबल दे और रोगों से लड़ने की शक्ति प्रदान करे. अपने स्वास्थ्य का विशेष रूप से ध्यान रखें। रोगों का यही तमस है जिसे सजगता, सतर्कता और जागरूकता के साथ हमें मिलकर हराना है..!
आप सभी को दीपावली की मंगलमय शुभकामनाएं..!
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।