कोरोना काल आने के बाद से जिस तरह रूपाणी सरकार की नाकामियां सामने आईं,
- फोटो : अमर उजाला
मोदी से दूर नहीं गया गुजरात
ये सब जानते हैं कि मोदी ने पीएम बनने के बाद अपनी विश्वस्त आनंदीबेन पटेल को गुजरात की सत्ता सौंपी थी, लेकिन उनके राज में भ्रष्टाचार और पाटीदारों के जबरदस्त आंदोलन से निपटने में नाकामी की वजह से उन्हें हटाकर कैसे विजय रूपाणी को सत्ता सौंपी गई और कैसे रूपाणी को कमान देने से मनसुख मंडाविया और नितिन पटेल समेत वहां के तमाम नेता नाराज़ थे, ये बात भी सुर्खियां बनती रही थीं। लेकिन पिछले दो सालों में गुजरात की हवा बदल गई है।
खासकर कोरोना काल आने के बाद से जिस तरह रूपाणी सरकार की नाकामियां सामने आईं, जिस तरह अस्पतालों में लोगों की लंबी लंबी कतारें देखी गईं और मौतों का सिलसिला रोक पाने में, मरीजों को ऑक्सीजन दिला पाने में, वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा कर पाने में वो नाकाम रही उससे लोगों के भीतर जबरदस्त गुस्सा है।
पिछले कई महीनों से गुजरात के सियासी हलकों में ये चर्चा आम है कि रूपाणी की नाकामी से मोदी और अमित शाह खफ़ा हैं और गुजरात के लोगों का भरोसा फिर से जीतने की कोशिश तभी हो सकती है जब रूपाणी को हटाया जाए।
केन्द्रीय नेतृत्व लगातार इसी मंथन में लगा था कि गुजरात में करीब 14-15 महीने बाद चुनाव होने हैं और अगर अब फैसला नहीं लिया गया तो स्थिति हाथ से निकल जाएगी। जाहिर है रूपाणी को हटने का इशारा कर दिया गया।
नेतृत्व परिवर्तन कोई हंसी खेल नहीं। इसके दूरगामी मायने होते हैं और पार्टी की रणनीति होती है।
- फोटो : ANI
सोच-समझकर लिया गया फैसला?
पार्टी को इस बात का एहसास है कि उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन का फैसला लेने में उसे देर हुई और वहां भी त्रिवेंद्र सिंह रावत को हराकर जिस तरह तीरथ सिंह रावत जैसे नेता को बनाकर उसने फिर से गलती की और अब पुष्कर सिंह धामी को कमान सौंप कर वह 6 महीने बाद होने वाले चुनाव में कितनी कामयाबी हासिल कर पाएगी, उसे लेकर खुद असमंजस में है।
ऐसी गलती वह गुजरात में नहीं दोहराना चाहती, इसलिए वक्त रहते और कोरोना की संभावित तीसरी लहर से पहले पार्टी ने फटाफट रूपाणी को हटाने का फैसला कर डाला।
जाहिर है नेतृत्व परिवर्तन कोई हंसी खेल नहीं। इसके दूरगामी मायने होते हैं और पार्टी की रणनीति होती है। गुजरात प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह की प्रतिष्ठा का सवाल है और उसे किसी भी तरह अपने हाथ में बरकरार रखना उनकी पहली प्राथमिकता बनती है।
ज़मीनी हकीकत बेशक पहले से कहीं ज्यादा खराब हो, भाजपा को लेकर असंतोष के स्वर उभर रहे हों और कोरोना काल में सरकार की छवि संवेदनहीन और जनता विरोधी बनी हो, लेकिन उसे ठीक करने या लोगों के घाव पर थोड़ा मरहम लगाने के लिए थोड़ा वक्त जरूरी है जो चुनाव में फायदा पहुंचा सके।
जब से पाटीदारों का आंदोलन फैला, भाजपा की कोशिश इस समुदाय को खुश करने की रही है, इसलिए माना जा रहा है कि शायद नया नेतृत्व किसी पाटीदार वर्ग से हो और इसके लिए मनसुख मंजाविया का नाम लिया जा रहा है। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटील का नाम भी लिया जा रहा है जिसके नेतृत्व में भाजपा ने तमाम उप चुनाव और निकाय चुनाव जीते हैं।
कौन होगा नया सीएम?
पुरुषोत्तम रुपाला से लेकर गोरधन जडाफिया तक के नाम हवा में तैर रहे हैं। लेकिन ये अटकलें मीडिया भले ही लगाए, केन्द्रीय नेतृत्व पहले से ही रूपाणी का विकल्प तय कर चुका है और उसपर महज औपचारिक मुहर लगनी बाकी है। इन सियासी घटनाओं पर कांग्रेस गहराई से नजर रख रही है और अगले चुनाव में फिर से कोई गलती न हो, इसके लिए रोडमैप तैयार करने में जुटी है।
जाहिर है चुनावी गणित के दांप पेंच में रूपाणी का जाना कोई ताज्जुब नहीं पैदा करता, क्योंकि भाजपा दूर की सोच रही है। सियासत में लोगों की भावनाओं से ज्यादा चुनावी समीकरण मायने रखते हैं और जाहिर है अमित शाह और मोदी फिलहाल इन समीकरणों को साधने में माहिर साबित हुए हैं। फिर ये तो गुजरात की बात है जिसके ‘विकास मॉडल’ की बात करके जाने कितनी सत्ता हासिल की गई है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।