बच्चों में मनोविकार के लिए एक्सपर्ट से लें सलाह
- फोटो : istock
कोरोना काल का दुष्प्रभाव
कोरोना काल में जब स्कूल- कॉलेज बंद रहे, ज्यादातर बच्चे प्रमोट कर दिए गए ऐसे में उन्हें समझना और उनकी समस्याओं को हल करना बेहद जरूरी है ताकि उनकी पढाई को तनाव मुक्त बनाया जा सके। बदलती जीवनशैली में बच्चे कई तरह की मानसिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। कई बच्चे तो ऐसे भी हैं जिन्हें किसी मनोचिकित्सक की तत्काल आवश्यकता है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं का समाधान मिल सके।
अक्सर बच्चें बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते सामाजिक जीवन से दूर होते जा रहे हैं, जीवन के उतार- चढ़ाव को पार करने की शक्ति उनमें लगातार कम हो रही है, ऐसे बच्चों को पढ़ाई के अलावा दूसरी बातों के लिए जीवन में स्पेस की आवश्यकता है, जिसे हमें समझना बेहद जरूरी है।
विद्यालय और परिवार ऐसी सामाजिक इकाइयां हैं जो प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं कल्याण से सीधा संबंध रखती हैं। विद्यालयों का प्रमुख दायित्व है की छात्रों का समग्र विकास हो ताकि वे जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी हल खोज सकें। वर्तमान में हमारे स्कूल, कालेजों में मनोवैज्ञानिकों की बेहद आवश्यकता है। जो देश के अधिकांश स्कूलों में मौजूद ही नहीं है। स्वस्थ जीवन का आधार शिक्षा है। छात्रों के बेहतर प्रदर्शन के लिए उनके मानसिक स्वास्थ्य का फिट रहना अत्यंत आवश्यक है।
विडंबना है की हमारे देश में मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है इसके बावजूद भी मानसिक स्वास्थ्य विषय उपेक्षित है। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण 2016 दर्शाता है की भारत में ऐसे करीब 150 मिलियन नागरिक हैं जिन्हें मानसिक स्वास्थ्य कल्याण के लिए देखभाल और सहायता की आवश्यकता है। इसके साथ यह भी पता चलता है की इनमें से 70 से 90 प्रतिशत लोग सही समय पर गुणवत्ता युक्त सहायता प्राप्त नहीं कर पाते।
विश्व स्वास्थ संगठन के अनुसार किशोरावस्था में आत्म क्षति दर वैश्विक स्तर पर सबसे ज्यादा होती है। ज्यादातर शारीरिक बीमारी के लिए भावनात्मक तनाव और अन्य चिंताएं भी एक कारण हैं। यदि इन समस्याओं का सही समय पर पुखता हल ढूंढ लिया जाए तो कई खतरों से बचा जा सकता है। स्टेनले हाल का यह कथन कि "किशोरावस्था बड़े संघर्ष, तनाव तथा विरोध की अवस्था है, वास्तव में सही जान पड़ता है।
मानसिक स्वास्थ्य सुधार के लिए पहल
हालांकि भारत सरकार ने हाल के दिनों में मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित कई ऐप और हेल्प लाइन शुरू की हैं जिनमें सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के द्वारा तनाव, चिंता, अवसाद और आत्महत्या के विचारों आदि मानसिक स्वास्थ्य चिंताओं का सामना करने वाले लोगों की सहायता करने के लिए 24/7 टोल फ्री हेल्प लाइन है।
मनोदर्पण पहल- यह आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है l जिसका उद्देश्य कोविड-19 के दौरान मनो सामाजिक सहायता प्रदान करना रहा है।
सीबीएसई द्वारा कक्षा 9 से 12 के लिए ऐप "दोस्त फॉर लाइफ" लॉन्च किया था, जिसका उद्देश्य छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखना ही था। सरकार द्वारा किए गए ये सकारात्मक प्रयास मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए ही हैं। यद्यपि इतना कुछ करने के बावजूद मानसिक स्वास्थ्य की चिंता समाप्त नहीं होती और ना ही चुनौतियां पूरी होती हैं।
मानसिक स्वास्थ्य की समस्या एक जटिल समस्या है इसके लिए सरकार को और अधिक प्रयास करने होंगे साथ ही और अधिक मनोवैज्ञानिक और मनोचिकित्सकों की संख्या में वृद्धि करनी होगी साथ ही समाज और परिवार को भी अपने बच्चों की मानसिक स्वास्थ्य पर नज़र रखनी होगी ताकि कोई पुख्ता हल निकाला जा सके।
----------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।