वड़डा में नेपाली मजदूरों को समझाती पुलिस।
- फोटो : AMAR UJALA
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। लाॅकडाउन के बाद नेपाली मजदूरों का सीमा की ओर लौटना जारी है। शुक्रवार रात अल्मोड़ा से पैदल पहुंचे आठ मजदूरों को पुलिस ने पिथौरागढ़ के राहत शिविर में भेज दिया। नेपाल के बाजुरा जिले के आठ मजदूर अल्मोड़ा के ध्याड़ी से पैदल चलकर झूलाघाट की और जा रहे थे। वड्डा चौकी के पास पुलिस ने रोककर सभी से पूछताछ की। बाजुरा जिले के राजेन्द्र बुड़ा, खम्मा, देव, इंद्र, वीरेंद्र सिंह, अमृत, धनबहादुर, और नरेन्द्र बहादुर ने बताया वे दो माह से बेरोजगार है। घर ले जाने के लिए पैसा भी कई लोगों का समाप्त हो गया है। लाॅकडाउन और बढ़ने की बात सुनकर वे किसी भी तरह गांव की और जा रहे हैं। गांव पहुंचने की आस में वे पैदल ही भूखे निकले है। एसआई एचएस डांगी ने सभी को चाय नाश्ता कराकर डिग्री कालेज के राहत शिविर भेज दिया है। पुल खुलने तक सभी को वहीं रखा जाएगा। (संवाद)