द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। भूतपूर्व सैनिक लीग बिन्ता- गगास-कुवांली-बग्वालीपोखर के पूर्व सैनिकों ने रानीखेत में दो माह से बंद पड़ी सीएसडी कैंटीन खोलने की मांग की है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि लॉकडाउन में ढील के बाद अधिकांश दुकानें नियमानुसार सरकार की ओर से खोली जा रही हैं। लीग अध्यक्ष कुंवर सिंह नेगी ने कहा कि सरकार आवश्यक सामान की दुकानें खोल रही है। पूर्व सैनिकों व वीरांगनाओं के परिवारों की सुविधाओं के लिए कैंटीन खोली जानी चाहिए। पूर्व सैनिक लीग ने कोविड-19 महामारी कोरोना से बचने के लिए विशेष कर पहाड़ में आ रहे भारी संख्या में प्रवासियों के पहुंचने पर सबसे संक्रमण से बचने व दूसरों को बचाने, क़्वारन्टीन के नियमों को मानने, बेवजह घर से बाहर न निकलने की अपील की है। लीग के पूर्व सैनिक ग्राम पंचायत रवाड़ी के पूर्व सैनिक चन्द्री लाल साह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों से मिले व शोक संवेदना व्यक्त की। कैप्टन मोहन सिंह बिष्ट, सुबेदार मेजर हरी सिंह भण्डारी,भूपाल सिंह भरड़ा, सुबेदार ललित मोहन नेगी आदि ने अविलंब कैंटीन खोलने की मांग की है।