बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति के घर में घुसकर दबंगों ने उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की। साथ ही विरोध करने पर आरोपियों ने पीडि़ता व उसके पति पर जानलेवा हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक आरोपियों को दबोचा नहीं जा सका है। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने नगर पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उसने बताया कि गांव निवासी दबंग प्रवृत्ति के प्रशांत, तुषार, उपेंद्र व शशी चौधरी पीडि़त के परिवार से रंजिश मानते हैं। आरोप है कि बीते १५ जुलाई को पीडि़त व उसकी पत्नी घर पर ही मौजूद थे। इस दौरान गांव निवासी सभी चारों आरोपी पीडि़त के घर में घुस आए। इस दौरान आरोपियों ने पीडि़त दंपति के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। साथ ही बाद में दंपति पर जानलेवा हमला किया गया। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।