शराब विक्रेताओं की शिकायत करने एसपी ऑफिस पहुंची महिला
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की झिरन्या जनपद के ग्राम सांई खेड़ा में एक महिला को अवैध शराब बिक्री की शिकायत करना भारी पड़ गया। शराब बेचने वाले सहित शराबियों ने उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। महिला ने जब इसकी शिकायत नजदीकी थाने में की तो एक बार फिर से शराब विक्रेता ने उसके साथ मारपीट की। उसके बाद महिला ने एसपी को शिकायत कर आरोप लगाया है कि घर के सामने हो रही शराब बिक्री का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई है।
खरगोन एसपी कार्यालय पहुंची शिकायतकर्ता राधा मोहे ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके घर के सामने सांई खेड़ा में पिछले आठ साल से शराब बेची जा रही है। वहां शराब पीने वाले आए दिन घर के सामने आकर हल्ला करते हैं। गाली-गलौज कर अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे उनका घर से निकलना दुभर हो गया है। जब उन्होंने शराब बिक्री का विरोध किया तो शराब बेचने वाले राजू, धनराज और लाल ने उनके साथ जमकर मारपीट की।
वहीं, शराबी योगेश उनके साथ छेड़छाड भी करने लगा। इसकी शिकायत उन्होंने चैनपुर थाने पर भी दर्ज कराई, जिस पर दोबारा उनके साथ गांव में मारपीट की गई। अब राधा ने इस मामले में जिले के एसपी से मिलकर हस्तक्षेप कर कार्रवाई के साथ ही शराब बिक्री बंद कराने की मांग की है।
वहीं, खरगोन एसपी ऑफिस शिकायत करने पहुंची साईं खेड़ा की राधाबाई ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि उनके साथ शराब पीकर मारपीट की गई, और छेड़छाड़ करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए गए। क्योंकि उन्होंने अवैध शराब बेचने वालों की दुकान की शिकायत की थी।इसलिए उन्हें मारा गया और पहले मैंने उन्हें समझाया था तो उन्होंने मेरे साथ ही मारपीट शुरू कर दी।