बादली। स्थानीय स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) विशाल कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण बिजली, पेयजल, परिवार पहचान पत्र सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे।
शिविर में नायब तहसीलदार अरविंद कुमार के अलावा बिजली निगम, जन स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। इनमें बिजली और पेयजल से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। इसके अलावा कई ग्रामीण परिवार पहचान पत्र में नाम जोड़ने, हटाने तथा अन्य त्रुटियों को ठीक कराने की मांग लेकर भी पहुंचे।
एसडीएम विशाल कुमार ने प्रत्येक ग्रामीण की शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से समस्या के समाधान को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र और जायज शिकायतों का निर्धारित समय में निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका त्वरित समाधान करना है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।