चुनावी सरगर्मी के बीच विश्व हिंदू परिषद ने देशभर से 51 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का फैसला लिया है। विहिप के इस फैसले को राम मंदिर निर्माण के लिए दूसरे आंदोलन की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। परिषद ने ज्यादातर युवाओं पर लक्ष्य केंद्रित किया है। इसके लिए 13 से 27 नवंबर के बीच देशभर में संपर्क अभियान चलेगा। मंगलवार को विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री चंपत राय ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में यह जानकारी दी। वह यहां विहिप के संरक्षक रहे दिवंगत अशोक सिंघल के चित्र का अनावरण करने पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि परिषद देश की 51 लाख जनता के बीच अपनी पहुंच बनाएगी। उन्हें परिषद के कामकाज से अवगत कराया जाएगा और साथ आने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। विहिप की इस योजना को यूपी चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि संघ और उससे जुड़े संगठनों ने भाजपा को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने की कवायद तेज कर दी है। छोटा परिवार के लिए हिंदुओं द्वारा उठाए जा रहे कदम पर भी चंपत राय ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि फैमली प्लानिंग के चक्कर में हिंदू अपने परिवार को इतना भी छोटा न कर दें कि उनका अस्तित्व ही समाप्त हो जाए। ऐसा होने से समाज असंतुलित हो जाएगा