निवाड़ीकला। बकेवर थाना क्षेत्र के कस्बा निवाड़ीकला में स्थित देशी शराब के ठेके पर लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। हालांकि पुलिस के पहुंचने तक झगड़ा करने वाले लोग भाग गए। कस्बा के एक मैरिज होम में पड़ौस के गांव नगला सिंह का वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। वहीं से कुछ युवक शराब लेने ठेके पर पहुंचे थे। ठेके पर मौजूद रितिक से उनकी लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। विवाद बढ़ने पर कार्यक्रम स्थल से कुछ महिलाएं भी ठेके पर पहुंच गईं और हंगामा करने लगी। सूचना मिलने पर 112 पुलिस और अहेरीपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक सभी युवक व महिलाएं वहां से भाग चुके थे। थाना प्रभारी विपिन मलिक ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)