बहला-फुसलाकर होटल ले जाने का आरोप
वाराणसी निवासी 16 वर्षीय छात्रा बहेड़ी में रहकर रुड़की गांव स्थित आईटीआई की पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि मुजाहिद नाम का युव उसे बहला-फुसलाकर होटल ताज ले गया, जहां दोनों रातभर रुके। इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को मिलने पर उन्होंने बहेड़ी थाना पुलिस को सूचना दी।
पोक्सो एक्ट, नाबालिक से दुष्कर्म सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज
बताया जाता है कि शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे पुलिस और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने होटल में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान छात्रा और युवक को होटल से बरामद कर थाने लाया गया। पुलिस ने होटल के कमरे का दरवाजा खुलवाया तो युवक नग्न अवस्था में था। दोनों को थाने लाने के बाद छात्रा ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट, नाबालिक से दुष्कर्म सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। होटल के मालिक के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, न ही होटल को सील किया गया। हिंदूवादी संगठनों के जोर देने के बाद पुलिस ने होटल का रजिस्टर और डीबीआर अपने कब्जे में लिया।
होटल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
हिंदू जागरण मंच युवा के जिला अध्यक्ष हिमांशु पटेल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि होटल में बिना पर्याप्त सत्यापन के लोगों को ठहराया जा रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बरेली पुलिस से आरोपी युवक और होटल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेता निशीथ गंगवार, राजा भाटी ने कहा कि आरोपी युवक लग्जरी कार और लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाकर हिंदू लड़कियों को अपने झांसे में लेता था। उनको या तो अनैतिक कार्य में लगा दिया जाता था या फिर उनका धर्म परिवर्तन करा दिया जाता था। पुलिस इस मामले में धर्म परिवर्तन की धारा भी बढ़ाएं। इसको लेकर उन्होंने बरेली के एसएसपी तथा एडीजी को भी सूचना दी है।
बिरयानी बेचने का काम करता है मुजाहिद
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय मुजाहिद पुरानी रोडवेज पर बिरयानी बेचने का काम करता है। वहीं, छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में पुलिस मुजाहिद का फोन खंगाल रही है।