मध्यप्रदेश की खरगोन पुलिस को अवैध हथियारों का जखीरा पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। यही नहीं, पुलिस ने इन हथियारों को खरीदने वाले एक शातिर अपराधी को भी धर दबोचा है। हालांकि, इस दौरान हथियार बनाने वाला आरोपी झाड़ियों के बीच से फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से 37 अवैध हथियारों को बरामद किया है। साथ ही इन्हें बनाने वाले फरार आरोपी के घर से भी बड़ी मात्रा में हथियार बनाने का सामान पुलिस ने जब्त किया है।
वहीं, पुलिस अब इतनी बड़ी मात्रा में हथियार खरीदने और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। इस सब की जांच कर रही है। बता दें कि इस जांच में खरगोन पुलिस के साथ खंडवा पुलिस भी शामिल हो सकती है। क्योंकि पकड़ा गया आरोपी खंडवा का शातिर बदमाश रहा है, जिस पर अलग-अलग थानों में कुल 13 अपराध दर्ज हैं।
खरगोन जिले की मिष्ठान थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगलवार तड़के करीब 5 से 6 बजे के आसपास इंद्रावती नदी के पुल पर ग्राम गारी रोड पर अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त होने वाली है। इस पर कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तरुणेन्द्र सिंह बघेल एवं अनुभाग अधिकारी भीकनगांव राकेश आर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिष्टान अनिल बामनिया एवं चौकी प्रभारी अहीर खेड़ा थाना गोगावा के उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। यह टीम इंद्रावती नदी के पुल पर ग्राम गारी रोड पर झाड़ियों की आड़ लेकर छुपकर आने जाने वाले लोगों पर निगाह रखने लगी। इस दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया, जो अपनी मोटरसाइकिल पुल के किनारे रोककर इंतजार कर रहा था, जिसके कुछ देर बाद एक और व्यक्ति हाथ में झोला लिए ग्राम गारी की तरफ से वहां खड़े व्यक्ति के पास आया।
इस तरह घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम के अनुसार, दोनों व्यक्तियों की बातचीत के दौरान पुलिस टीम के द्वारा दोनों को घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की गई, जिसमें पुलिस एक व्यक्ति को तो पकड़ लिया गया, लेकिन दूसरा व्यक्ति झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकला। पकड़ में आए व्यक्ति से उसका नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम विश्वास पिता दिलीप सोनी, निवासी 45 वर्ष, मोहल्ला पड़ावा, थाना मोघट रोड़, जिला खंडवा का होना बताया। वहीं, मौके से भागे गए व्यक्ति का नाम प्यार सिंह सिकलीगर निवासी ग्राम गारी का होना बताया। वहीं, विश्वास के पास रखे झोले की तलाशी लेने पर उसमें से 14 देसी कट्टे सहित 23 देसी पिस्टल मिले।
फरार आरोपी के घर भी दी गई दबिश
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। तो वहीं आरोपी विश्वास की पुलिस टीम के द्वारा गिरफ्तारी के बाद ग्राम गारी में फरार आरोपी प्यार सिंह सिकलीगर के घर खोजबीन की गई, जिसमें उसके घर के पीछे बनी झोपड़ी से फायर आर्म्स बनाने की सामग्री व संसाधन मिले हैं, जिसे भी पुलिस टीम के द्वारा जब्त किया गया है। इस प्रकार कुल 37 अवैद्ध फायर आर्म्स जिनकी कीमत लगभग 600000 एवं मोटर साइकिल जिसकी कीमत लगभग 65,000 रुपये है, को पुलिस टीम के द्वारा जब्त किया गया है।
आरोपी पर दर्ज हैं अलग-अलग थानों में 13 अपराध
गिरफ्तार किए गए आरोपी विश्वास पिता दिलीप सोनी निवासी पड़ावा, जिला खंडवा का जब आपराधिक रिकॉर्ड निकाला गया तो जिला पुलिस भी चौंक गई। क्योंकि उस पर अब तक अलग-अलग थानों में कुल 13 अपराध दर्ज होना निकले हैं, जिनमें से खंडवा के मोघट रोड थाने में कुल 6 अपराध दर्ज हैं, तो वहीं शहर के कोतवाली थाना में एक, बड़वाह थाना में दो, राजेंद्र नगर इंदौर थाना में दो, छिपाबड़ जिला हरदा थाना में एक सहित होशंगाबाद के कोतवाली थाना में एक अपराध दर्ज होना पाया गया है। इस तरह से गिरफ्तार किया गया आरोपी विश्वास सोनी आदतन अपराधी होकर गंभीर अपराधों में अलग-अलग थाना क्षेत्र में लिप्त रहा है।
खंडवा पुलिस के लिए भी बना जांच का विषय
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अब इस बात की भी जानकारी निकाल रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में हथियार लेकर खंडवा की तरफ वापस क्यों जा रहा था और इन हथियारों को वह खंडवा में किसे सप्लाई करने वाला था। जो कि अब खंडवा पुलिस के लिए भी जांच का विषय बन गया है।
बता दें कि खंडवा जिला पहले से ही सेंसिटिव क्षेत्र में आता है। क्योंकि पहले भी यहां कुछ एक आतंकी संगठनों से जुड़े अपराधियों को पकड़ा गया है, जिसके चलते ही खंडवा में सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में रह कर ही काम करती हैं। वहीं, खंडवा को अक्सर रेड जोन में रखा जाता है। बावजूद इसके अब खंडवा के इस शातिर अपराधी के पास इतनी भारी मात्रा में हथियार मिलने से एक बार फिर से खरगोन पुलिस सहित खंडवा पुलिस के लिए भी यह बड़ी जांच का विषय बन गया है।