बहादुरगढ़। झज्जर रोड स्थित एक दुकान के बाहर से टैंपो चोरी हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
एचएल सिटी निवासी जयप्रकाश गुप्ता की झज्जर रोड पर स्थित एक अस्पताल के नजदीक सीमेंट की दुकान है। रविवार शाम रास्ता बंद होने के कारण उन्होंने अपना टैंपो दुकान के बाहर सड़क किनारे खड़ा कर दिया था।
सोमवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो टैंपो गायब मिला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, तड़के करीब चार बजे काले रंग की ब्रेजा कार टैंपो के पास आकर रुकी।
विज्ञापन
कार में सवार तीन युवक कुछ देर तक आसपास की स्थिति का जायजा लेते रहे। इसके बाद दो युवक नीचे उतरे और टैंपो का शीशा तोड़कर अंदर घुस गए। कुछ ही मिनटों में टैंपो स्टार्ट कर पहले शहर की ओर ले जाया गया और फिर मोड़कर झज्जर की तरफ ले गए। उनके पीछे-पीछे ब्रेजा कार भी चली गई।
उधर, विवेकानंद नगर क्षेत्र में भी एक दुकान के बाहर खड़ी सतीश कुमार की बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से लोगों में दहशत है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।