-फोटो 82 : शास्त्री नगर कॉलोनी की गली में भरा पानी और खड़ी कार। स्रोत पाठक
बहादुरगढ़। नजफगढ़ रोड स्थित शास्त्री नगर में शिव मंदिर के सामने वाली गली की बनावट स्थानीय लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। गली का बीच वाला हिस्सा नीचा और दोनों छोर ऊंचे होने से बारिश का पानी बीच में जमा हो जाता है। हल्की बारिश के बाद भी तालाब जैसे हालात बन जाते हैं। निवासी सुरेश कुमार, पवन शर्मा व सुखबीर सिंह ने बताया कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी कई दिनों तक जमा रहता है। दुर्गंध के साथ मच्छर-मक्खियों की भरमार से डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा है। जलभराव से मकानों की नींव में सीलन आ रही है और कई बार पानी हफ्तों तक जमा रहता है। गड्ढे पानी में दिखाई नहीं देने से कई बुजुर्ग व स्कूली बच्चे चोटिल हो चुके हैं। रात में समस्या बढ़ जाती है। लोगों ने कहा कि बीच के हिस्से में भराव कर गली को समतल करने से समस्या दूर हो सकती है। उन्होंने नगर परिषद व प्रशासन से निरीक्षण कर जल्द समतलीकरण कराने की मांग की।