रुड़की। क्षमता से अधिक सवारियों को भरकर ले जा रही तीन डग्गामार बसों को पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से डग्गामार वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
रोडवेज बस स्टैंड के सामने डग्गामार बसों के खड़े होने और सवारियों को भरने के कारण बस स्टैंड पर अव्यवस्था रहती है। इससे रोडवेज बस स्टैंड पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। शुक्रवार को कोतवाली रुड़की के एसएसआई गोविंद कुमार ने रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचकर डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया।
पुलिस ने मौके से तीन डग्गामार बसों को पकड़ा है। तीनों बसों में क्षमता से अधिक सवारियां थीं। इसके अलावा बस चालक से पुलिस ने परमिट और कागजात आदि दिखाने को कहा तो उनके पास कोई कागज नहीं था। एसएसआई गोविंद कुमार ने बताया कि तीनों को बसों को सीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि डग्गामार वाहन चालकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।