राजोरी जिले की मंजाकोट तहसील के एलओसी से सटे नक्का पंजग्राई क्षेत्र में सेना द्वारा बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सैन्य सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की रात को शुरू किया गया सर्च ऑपरेशन शनिवार को भी जारी रहा। सेना को नक्का पंजग्राई क्षेत्र में तीन से चार आतंकियों के होने की आशंका है।
सूत्रों के मुताबिक चूंकि आतंकवादी कश्मीर का रुख कर सकते हैं, इसलिए सेना पंजग्राई से पीरपंजाल और मुगलरोड के जंगलों तक में सर्च आपरेशन चला रही है। नक्का पंजग्राई का इलाका एमओसी के पास है। बरसात के मौसम में धुंध के चलते यहां घुसपैठ के प्रयास से इनकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि इस बात की पुष्टि के लिए सेना का कोई भी अधिकारी कुछ भी बताने को तयार नहीं है। सैन्य सूत्रों व खुफिया एजेंसियों के अनुसार उक्त क्षेत्र में आतंकवादियों के होने की पूरी संभावना है।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले लोगों ने कुछ हथियारबंद संदिग्ध लोगों को देखा था। तब भी सेना व पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। दो दिन तक चले उस ऑपरेशन में भी सेना व पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा था। खुफिया एजेंसियों के पास उक्त क्षेत्र में आतंकियों के मौजूद होने के इनपुट पहले भी आ चुके हैं।