बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में पूर्व प्रधान व हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ संजीव की हत्या करने वाले इनामी शूटर एक माह से जनपद पुलिस को छकाने में कामयाब हुए हैं। सूत्रों की मानें तो पुलिस को अगर कोई सुराग भी मिलता है तो शूटर्स तब तक वहां से निकल जाते हैं। गौरतलब है कि गत 15 जून की रात कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित यमुनापुरम कालोनी में स्कार्पियो में आए बदमाशों ने खानपुर के गांव जाडौल के पूर्व प्रधान एवं हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ संजीव की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई नरेंद्र ंिसह ने मामले में दो नामजद जोगेंद्र उर्फ सोनू पुत्र विजय सिंह निवासी गांव कुतुबपुर वर्तमान निवासी यमुनापुरम कालोनी एवं जावेद आलम पुत्र परवेज आलम निवासी गांव अकबरपुर व अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में दोनों नामजद आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि शूटरों की पहचान सोनू निवासी बहजोता, जयकुमार उर्फ जैका निवासी जमालपुर एवं अमित निवासी धनौरा के रूप में हुई। इन शूटरों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित हो चुका है। शूटरों की धरपकड़ के लिए कोतवाली देहात पुलिस के अलावा स्वाट टीम को भी लगाया गया है, लेकिन, एक माह बाद भी पुलिस टीमों को कोई सफलता नहीं मिल सकी है। पुलिस टीमों को शूटरों के बारे में कोई जानकारी मिलती है और टीम वहां पर पहुंचती है, लेकिन तब तक आरोपी शूटर वहां से निकल चुके होते हैं। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि शूटरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही इनामी शूटरों को दबोच लिया जाएगा।