धर्मशाला। एथलेटिक मैदान धर्मशाला से 25 दिसंबर को आयोजित होने वाली मैराथन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 20 दिसंबर तक किया जा सकता है। नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त जफर इकबाल ने कहा कि यह आयोजन खेल, स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम में देश-विदेश से धावकों की भागीदारी की अपेक्षा है, जिससे क्षेत्र में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। फिटनेस प्रेमी, छात्र-छात्राएं, युवा, वरिष्ठ नागरिक सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी इसमें भाग ले सकते हैं। उन्होंने अपील की कि मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने बताया कि पंजीकरण www.dharamshalamarathon.com और www.dharamshalasmartcity.com पर किया जा सकता है। आयुक्त ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए कुल 15 लाख रुपये का पुरस्कार पूल रखा गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के जुड़ने से यह मैराथन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ाएगी, बल्कि धर्मशाला की पहचान को एक प्रमुख खेल नगरी के रूप में भी स्थापित करेगी।