इटावा। वैदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत महोला में स्थित केंद्रीय कारागार में सजायाफ्त कैदी प्रेमचंद्र उर्फ नेकसे (70) निवासी अरूहो थाना सौरिख, कन्नौज की रविवार को इलाज के दौरान सांसें थम गईं। बताया गया है कि वह पोलियो से ग्रसित था। उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। प्रेमचंद्र उर्फ नेकसे को एसटी संख्या 42/2016 धारा 302, 506 आईपीसी व 3(2) वी एससी/एसटी एक्ट थाना सौरिख, कन्नौज के मामले में दोषी पाए जाने पर एससी/एसटी एक्ट स्पेशल कोर्ट ने सात फरवरी 2020 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। लंबी सजा के कारण उसे जिला कारागार कन्नौज से तीन सितंबर 2023 को केंद्रीय कारागार इटावा स्थानांतरित किया गया था। सात दिसंबर को प्रेमचंद्र उर्फ नेकसे की तबीयत बिगड़ने पर जांच व उपचार के लिए सैफई आयुर्विज्ञान विवि भेजा गया था। यहां उसका इलाज चल रहा था। रविवार को सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर तहसीलदार सैफई ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए इटावा भेज दिया।