रेलवे स्टेशन से पकड़ी गई तीनों लड़कियां
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर रनियां से घर से भागी तीन छात्राओं को पुलिस ने रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया। लेकिन इस घटना के खुलासे के बाद इटावा में मिली दो लाशों का मामला उलझ गया है। आखिर वो दो शव किसके थे ?
कानपुर रनियां से तीन छात्राओं के भागने के मामले में एक छात्रा ने पुलिस को बताया है कि वह नशेबाज पिता की पिटाई से त्रस्त होकर घर से भागी थी। छात्रा ने बताया कि आए दिन नशे में धुत होकर पिता उसे पीटते थे। इस कारण उसने घर छोड़ने का मन बना लिया था। यह बात उसने अपनी सहेलियों को बताई तो वे भी उसके साथ चलने को राजी हो गईं।
इसके बाद तय करके 11 सितंबर को तीनों घर से भाग निकलीं। सबने अपने-अपने घरों में एक्सट्रा क्लास की बात बताई थी और स्कूल के समय से एक घंटे पहले घर से निकली थीं।
खर्च के लिए छात्रा ने बेची पायल
एक छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसे घर से चार सौ रुपये फीस के मिले थे, जो उसने रख लिए थे। दूसरी छात्रा ने बताया कि वह सात सौ रुपये लेकर घर से निकली थी। जबकि तीसरी छात्रा के पास एक हजार रुपये थे। रुपये कम पड़ने पर एक छात्रा ने अपनी पायल बेच दी थी, जो एक साल पहले उसके जन्मदिन पर मां ने गिफ्ट की थी।
मोबाइल ने पकड़वाया
लोकलाज के डर से चुप्पी साधे एक छात्रा के पिता के मुंह खोलने के बाद पुलिस को सफलता हाथ लगी। शुक्रवार को पिता ने बेटी के पास मोबाइल होने और फोन करने पर किसी लड़की के हैलो करने की बात पुलिस को बताई। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लिया और तीनों तक पहुंच गई।