राजा का तालाब (कांगड़ा)। जवाली उपमंडल के अंतर्गत हरनोटा पटवार वृत्त में राजस्व विभाग के एक पटवारी के व्यवहार को लेकर शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता मनोज कुमार निवासी हरनोटा ने बताया कि उन्हें किसी कार्य के लिए मौका रिपोर्ट की आवश्यकता थी। इसके लिए वह 10 दिसंबर को पटवारखाने गए। उनका आरोप है कि पटवारी ने न केवल रिपोर्ट देने से मना कर दिया बल्कि उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। उन्होंने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। इसकी शिकायत 1100 नंबर पर फोन के माध्यम से की है। वहीं मामले की लिखित शिकायत तहसीलदार जवाली को भी सौंप दी है। मामले को लेकर जब पटवारी नरेश कुमार से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि मनोज कुमार मौका रिपोर्ट लेने आए थे। उन्हें बताया गया कि हम मौका रिपोर्ट नहीं देते। पटवारी के अनुसार मनोज ने नोटिफिकेशन दिखाने को कहा। इस पर उन्हें सलाह दी कि संबंधित जानकारी तहसीलदार से ली जा सकती है। पटवारी ने कहा कि मैंने किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया। इसके बाद वह वीडियो बनाने लगे। विवाद को लेकर जब तहसीलदार जवाली विनोद टंडन से बात की तो उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जाएगी।