बुलंदशहर। जनपद में क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस ने ऑपरेशन अपराधी शुरू किया है। हालांकि, यह अभियान पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चलाया जा रहा है। जिसके तहत जेल से जमानत और पैरोल पर छूटे अपराधियों को ट्रेस किया जा रहा है। साथ ही सक्रिय अपराधी और गिरोह की पुलिस ने लिस्ट बनानी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बीते दिनों कुछ अपराधियों को कोरोना के दौरान पैरोल पर छोड़ा गया था और अब इनके सत्यापन का काम शुरू किया गया है। बाजार भी खुल गए हैं और लोगों की आवाजाही हो रही है। इसलिए पुलिस क्राइम कंट्रोल के लिए प्लानिंग में लगी है। लॉकडाउन खत्म होने के साथ अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों को इसे लेकर पहले से ही आशंका थी। इसलिए एडीजी मेरठ जोन ने कुछ दिन पहले जोन के सभी एसएसपी और एसपी की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम, एसओ और सीओ थे। उन्होंने उस दौरान प्रत्येक जिले के क्राइम और अपराधियों की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया था कि अपराधियों का डोजियर बनाया जाए और उनके संपर्क में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा रिकार्ड रखा जाए। अब पुलिस ने इसी लाइन पर काम करते हुए ऑपरेशन अपराधी शुरू कर दिया है। लूट और छपटमारी के अलावा चोरी करने वालों पर फोकस किया जा रहा है। इस तरह के अपराधी अब अनलॉक में ज्यादा सक्रिय हैं। ऐसे में इनके फोटो और जानकारी सभी थानों को शेयर की जा रही हैं। इन अपराधियों की धरपकड़ के लिए बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है। पैरोल के बाद करना था सरेंडर गौरतलब है कि बीते दिनों कोर्ट ने जिला कारागार में बंद उन बंदियों को पैरोल पर छोड़ दिया था, जिन पर सात साल से कम सजा के मामले विचाराधीन थे। साथ ही कोर्ट ने निर्देश दिए थे कि पैरोल समाप्त होने के बाद वह सरेंडर कर देंगे। अब पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। साथ ही पैरोल पर छूटने के दौरान वह आपराधिक गतिविधियों में सलिप्त रहे या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है। कोट - अपराधियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी की जा रही है। साथ ही आपरेशन अपराधी को भी सक्रिय कर दिया गया है। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी