फोटो-63: सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण करते हुए विधायक राजेश जून। स्रोत पार्टी
बहादुरगढ़। विधायक राजेश जून ने रविवार को बालोर से सिदीपुर जाने वाली सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
विधायक ने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि टेंडर में निर्धारित सभी मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए निर्माण कार्य किया जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक मजबूत और टिकाऊ बनी रहे तथा ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
राजेश जून ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार द्वारा जनहित में विकास कार्यों के लिए जारी की गई राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करना अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और गुणवत्ता पर लगातार नजर रखें। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर इसकी सूचना तुरंत विधायक कार्यालय या संबंधित सरकारी शिकायत पोर्टल पर दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।