एटीएम का उद्घाटन करते सहकारिता मंत्री डॉक्टर बनवारीलाल
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डा.बनवारी लाल ने कहा कि सहकारी बैंक अब राष्ट्रीयकृत बैंक के समकक्ष बैंकिंग स्वरूप के साथ कार्य करने के लिए कदमताल कर रहे है. तकनीकी शैली के विस्तार के साथ सहकारी बैंक की ओर से एटीएम सुविधा उपभोक्ताओं को देने की सार्थक पहल दी झज्जर सेंटल केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्यालय ब्रांच में की गई है। सहकारिता मंत्री डा.बनवारी लाल सोमवार को झज्जर लघु सचिवालय परिसर स्थित मुख्यालय शाखा में नवनिर्मित एटीएम केंद्र व मोबाइल बैंकिंग वाहन का उद्घाटन कर रहे थे। हरको बैंक के प्रबंध निदेशक मनोज बंसल ने सहकारिता मंत्री का झज्जर पहुंचने पर स्वागत किया। कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौर में उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। झज्जर जिला मुख्यालय पर एटीएम केंद्र के शुभारंभ उपरांत बातचीत करते हुए सहकारिता मंत्री ने कहा कि केंद्रीय सहकारी बैंक की ओर से मोबाइल बैंकिंग सुविधा शुरू की जा रही है जिसके तहत उपभोक्ता बैंक के मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे लेनदेन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि झज्जर दी सेंटल केंद्रीय सहकारी बैंक के 29052 किसानों को रुपये किसान कार्ड एटीएम कार्ड वितरित किए जा चुके हैं ताकि वे किसान कार्ड का प्रचलन एटीएम के माध्यम से कर सकें। उन्होंने बताया कि झज्जर में शुरू किए गए केंद्रीय सहकारी बैंक के एटीएम केंद्र से 10 हजार रुपये प्रति ट्रांसेक्शन सेवा निर्धारित की गई है और एक दिन में उपभोक्ता उक्त केंद्र से 50 हजार रुपये तक की राशि निकाल सकता है। किसी भी बैंक के एटीएम कार्ड से उक्त एटीएम से ट्रांसेक्शन की जा सकती है।
दी-झज्जर सेंटल केंदद्रीय सहकारी बैंक के महाप्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मौजूदा स्थिति में जिला में 24 शाखाओं एवं तीन विस्तार पटल के माध्यम से माइक्रो एटीएम की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। बैंक ने अपने उपभोक्ताओं को रुपे डेबिट कार्ड जारी करते हुए ई-कॉम सुविधा से प्रचलित सेवाएं भी प्रदान की हैं ताकि उपभोक्ता घर बैठे कार्ड के माध्यम से अपने बिलों का भुगतान कर सके। सहकारिता मंत्री को बैंक की ओर से प्रबंध निदेशक मनोज बंसल ने स्मृति चिह्नï देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम झज्जर शिखा, डिप्टी रजिस्ट्रार सहकारी समितियां रोहतक महावीर शर्मा, सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां सत्यवान दलाल, हरको बैंक निदेशक मंडल सदस्य राकेश जाखड़, स्थापना शाखा अधिकारी सुखबीर बाल्याण, कनिष्क लेखाकार जगदीश व संदीप राज्याण सहित अन्य बैंक कर्मचारी व भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, पूर्व मंत्री कांता देवी, मंडल अध्यक्ष केशव सिंघल व गुलशन शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।