शुक्रवार को कई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। राजधानी शिमला में दिन भर मौसम खराब रहा। शहर में हल्की बूंदाबांदी के बीच देर शाम फाहे गिरे। प्रदेश के कई मैदानी क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। कांगड़ा के पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी में मैदानों में जोरदार बारिश हुई।
चंबा की ऊपरी चोटियों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश जारी रही। मणिमहेश, कालीछौ, कुगति, जालसू जोत, तुंदाह, घटोर, इंद्रहार में दो फीट, पांगी सेक्टर के हुडान भटोरी, चस्क भटोरी में डेढ़ फीट तक बर्फबारी हुई। जिले के निचले इलाकों में जोरदार बारिश हुई।
चंबा-पांगी वाया जम्मू-कश्मीर रोड पर थम नाला के पास हिमखंड गिरने से तीन टैक्सियां आठ घंटे बर्फ के बीच फंसी रहीं। टैक्सियों में सवार तीस लोग मार्ग खुलने का इंतजार करते रहे।
गनीमत यह रही कि हिमखंड की चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया। थम नाला के पास एक दिन पहले भी भूस्खलन होने से मार्ग बंद हुआ था। उस दौरान पत्थर की चपेट में आने से एक राहगीर घायल भी हुआ था।
टैक्सी चालक संदीप पंडित, रीशु, खन्ना ने बताया कि वे अपनी टैक्सियों में सवारियां लेकर बुुधवार सुबह पांगी से चंबा को निकले। दोपहर को जब वह थम नाला के पास पहुंचे, तो हिमखंड सड़क पर आ गिरा। करीब आठ घंटे बाद रात नौ बजे मार्ग वाहनों के लिए बहाल हो पाया।