बच्चों से मिलते पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
नामांकन के बाद पीएम मोदी ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि अब ऐसा माहौल बन चुका है कि मोदी तो जीत गए और वोट नहीं करोगे तो भी चलेगा। मैं गुजारिश करता हूं कि कृपा कर के ऐसे लोगों की बातों में ना आए। मतदान करना आपका अधिकार है, लोकतंत्र एक उत्सव है। ज्यादा से ज्यादा मतदान करना चाहिए ताकि देश मजबूत हो सके। इस दौरान पीएम मोदी ने बच्चों की क्लास भी ली। बच्चों से गिनती और कविताएं सुनीं।
एनडीए के नेताओं के साथ पीएम मोदी
- फोटो : self
पीएम मोदी के नामांकन के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल मौजूद रहे।
वहीं, अन्नाद्रमुक नेता ओ पन्नीरसेल्वम और थम्बीदुरई, लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान, अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल और एनडीपीपी नेता और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो भी बनारस पहुंचे। इन सभी का भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने स्वागत किया।
भाजपा की तरफ से शाह के अलावा उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, उत्तरप्रदेश के प्रभारी जेपी नड्डा, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहे। नामांकन के बाद पीएम मोदी ने कुछ देर बैठ कर सभी से बात की। नामांकन से पहले जब पीएम मोदी अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल से मिले तो झुक कर पीएम ने बादल का पैर छुआ।
पीएम मोदी वाराणसी में नामांकन करने आए थे। नामांकन करने के पहले पीएम मोदी ने काशी के कोतवाल कहे जाने वाले भगवान काल भैरव का दर्शन किया। पीएम मोदी 10.50 पर काल भैरव मंदिर पहुंचे।
मंदिर के पुजारी ने पीएम मोदी को विधि विधान से दर्शन-पूजन कराया। साथ ही पीएम मोदी को तुलसी की माला पहना कर सम्मानित किया। पीएम मोदी ने काल भैरव से प्रार्थना की कि देश स्वच्छ बने। साथ ही मोदी ने काशी के कोतवाल से नामांकन करने जाने की अनुमति मांगी।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पीएम
- फोटो : ani
नामांकन से पहले 9.40 बजे होटल डी पैरिस में पीएम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी ने कहा कि मैं भी एक बूथ कार्यकर्ता था। मुझे भी दीवारों पर पोस्टर लगाने का सौभाग्य मिला है। देश भर के कार्यकर्ताओं की मेहनत है कि आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक काशी घाट से पोरबंदर तक उत्साह का माहौल है। देश में लोग खुद कह रहे हैं 'फिर एक बार मोदी सरकार'।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में इतने चुनाव हुए, लेकिन ये चुनाव होने के बाद पॉलिटिकल पंडितों को माथापच्ची करनी पड़ेगी। क्योंकि आजादी के बाद पहली बार प्रो इंकम्बैंसी लहर दिखाई दे रही है। जनता ने पूरे देश के राजनीतिक चरित्र को बदल दिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने सरकार चुनने का मन बना लिया है। इतिहास का ये पहला मौका है कि इस तरह का चुनाव हो रहा है। जनता हमें जैसा प्यार दे रही है उसका हर पल आभार जताना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव के दो पहलू हैं, पहला काशी लोक सभा जीतना। मेरे हिसाब से ये काम कल पूरा हो गया है। दूसरा काम अभी बाकी है वो है पोलिंग बूथ जीतना और एक भी पोलिंग बूथ भाजपा का झंडा झुकने नहीं देना है।
वोट का महत्व बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक-एक वोट बहुत महत्वपूर्ण होता है। भाजपा के कार्यकर्ता होने के नाते बनारस वालों की कठिनाई बहुत है। क्योंकि और जगह तो सबका उम्मीदवार साथ चलकर प्रचार करता है लेकिन आप इतने काम नसीब हैं कि आपका उम्मीदवार तो पर्चा भरकर ही यहां से चला जायेगा।
जोश भरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव में हमें कुछ रिकॉर्ड भी तोड़ने हैं और लोकतंत्र को जीताना है। रिकॉर्ड ये तोड़ना है कि अब तक बनारस में, उत्तर प्रदेश में जितना पोलिंग हुआ है, उससे कहीं ज्यादा वोटिंग हो। दुनिया को दिखा देना है कि मतदान के सारे रिकॉर्ड हम तोड़ देंगे।
मैं चाहता हूं कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान 5% ज्यादा होना चाहिए। हमें तय करना चाहिए कि अगर हमारे पोलिंग बूथ में 100 वोट पड़ते हैं तो 105 माताओं-बहनों के पड़ें। जब कोई गलत बात कहे तो उसे आप मोदी के खाते में जमा कर दो। मैं गंदी से गंदी चीजों से, कूड़े-कचरे से भी खाद बना देता हूं और उसी से ही कमल खिलाता हूं।
अस्सी घाट पहुंचे पीएम मोदी:
पीएम मोदी शुक्रवार सुबह अपने किसी निजी कार्यक्रम में शामिल होने अस्सी घाट गए थे। वहां से लौटने के बाद पीएम मोदी ने नामांकन दाखिल किया।